NEET UG परीक्षा किस मोड में होगी? नई व्यवस्था को लेकर शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने दिया बड़ा अपडेट
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने संकेत दिया है कि नीट-यूजी 2027 परीक्षा के मोड (सीबीटी या पेन-पेपर) पर अगले 3-4 दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
-1795710956799_m.webp)
नीट-यूजी पर बनी दुविधा जल्द होगी खत्म (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मेडिकल के स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) के अगले संस्करण को लेकर बनी असमंजस की स्थिति जल्द समाप्त हो सकती है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बुधवार को संकेत दिया कि परीक्षा किस मोड में आयोजित की जाएगी, इस पर अगले तीन से चार दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। ऐसे में लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों को जल्द ही यह पता चल सकेगा कि नीट-यूजी 2027 कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) होगी या पहले की तरह पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के मोड को लेकर यह असमंजस ऐसे समय बना हुआ है, जब फरवरी 2027 से इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। पिछले वर्ष भी नीट-यूजी के लिए आवेदन प्रक्रिया आठ फरवरी से शुरू हुई थी। ऐसे में परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों और अभिभावकों के लिए परीक्षा प्रणाली को लेकर स्पष्ट जानकारी मिलना जरूरी है।
यह बात अलग है कि नीट-यूजी में पेपर लीक की घटना के बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अगले वर्ष से परीक्षा को सीबीटी मोड में कराने का एलान किया था। बाद में स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति जताई थी। इसके बावजूद अब तक शिक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से स्पष्ट नहीं किया गया है कि परीक्षा किस प्रणाली के तहत होगी।
एनटीए में सुधार के लिए गठित डॉ. राधाकृष्णन समिति ने भी नीट-यूजी को कंप्यूटर आधारित मोड में कराने की सिफारिश की थी। हालांकि, समिति का सुझाव था कि जब तक जरूरी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार नहीं हो जातीं, तब तक परीक्षा हाइब्रिड मोड में कराई जाए। समिति ने यह भी सुझाव दिया था कि प्रश्नपत्रों को पहले से छापकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के बजाय परीक्षा शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले ईमेल के माध्यम से केंद्रों पर भेजा जाए। इसके बाद परीक्षा केंद्रों पर ही प्रिंटर से प्रश्नपत्र निकालकर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाए। इससे गड़बड़ियों को रोकने में मदद मिल सकती है।
नीट-यूजी के परीक्षा मोड को लेकर सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों की सुविधा भी है। संसदीय समिति ने पेपर लीक प्रकरण के बाद एनटीए के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों को तलब कर परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों की भागीदारी को देखते हुए हाइब्रिड परीक्षा प्रणाली अपनाने का सुझाव भी दिया गया था।
इसके तहत शहरी क्षेत्रों में सीबीटी और ग्रामीण व दूर-दराज के इलाकों में पेन-पेपर मोड से परीक्षा कराने की बात कही गई थी। वहीं, कुछ विशेषज्ञों ने जेईई मेन की तर्ज पर नीट-यूजी को भी अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित करने का सुझाव दिया था।
नीलेकणी समिति की रिपोर्ट का भी इंतजार
परीक्षा मोड पर निर्णय में देरी की एक बड़ी वजह नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में गठित हाईपावर कमेटी भी मानी जा रही है। जुलाई 2026 में गठित इस समिति को अक्टूबर तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी थी, लेकिन अब इसके जनवरी 2027 में रिपोर्ट देने की संभावना है। ऐसे में सरकार और एनटीए किसी अंतिम फैसले पर पहुंचने से पहले समिति की सिफारिशों का इंतजार कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, समिति अपनी अंतरिम रिपोर्ट पहले भी सौंप सकती है। उल्लेखनीय है कि नंदन नीलेकणी ने हाल ही में एक कार्यक्रम में परीक्षा से कुछ घंटे पहले प्रश्नपत्र तैयार करने की व्यवस्था की वकालत की थी। उनका कहना था कि यदि प्रश्नपत्र पहले से तैयार ही नहीं होगा तो उसके लीक होने की आशंका भी काफी कम हो जाएगी। इसके लिए उन्होंने प्रश्नों का एक विशाल बैंक तैयार करने की आवश्यकता बताई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।