विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीट परीक्षा का रिपोर्टिंग टाइम - ड्रेस कोड, क्या लाएं - क्या नहीं? 1.38 लाख CCTV-51 हजार जैमर्स... NTA की 'लीकप्रूफ' तैयारी

Published: Sat, 20 Jun 2026 10:27 PM (IST)Updated: Sat, 20 Jun 2026 11:57 PM (IST)

पेपर लीक के बाद नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा 21 जून को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच होगी, जिसमें 22 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे।

नीट परीक्षा को लेकर गाइडलाइंस (AI जेनरेटेड फोटो)

नीट परीक्षा को लेकर गाइडलाइंस (AI जेनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. 21 जून को होगी नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा।

  2. कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ 22 लाख छात्र शामिल।

  3. रिपोर्टिंग समय, ड्रेस कोड, प्रतिबंधित वस्तुओं के नियम।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पेपर लीक होने के चलते रद की गई नीट-यूजी कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच 21 जून को दोबारा होने जा रही है। इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे।

इससे पहले शनिवार को एनटीए ने मॉक ड्रिल के जरिये देश के 551 शहरों के 5440 केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित होने जा रही परीक्षा की तैयारियों को परखा।

परीक्षा अंग्रेजी, हिंदी सहित 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी। पूरे आयोजन में तीन लाख से अधिक कर्मचारियों-अधिकारियों को लगाया गया है।

परीक्षा केंद्र पर क्या-क्या ले जाना है?

एनटीए ने छात्रों को प्रवेश पत्र, एक पहचान पत्र और दो फोटो के साथ निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के लिए कहा है। गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी, बिजली, पंखे व अभिभावकों के बाहर बैठने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

एनटीए ने दोबारा होने वाली इस परीक्षा को लेकर काफी सावधानियां बरती हैं। प्रश्नपत्र तैयार करने वाली विशेषज्ञ टीम को परीक्षा होने तक क्वारंटाइन में रखा गया है।

प्रश्नपत्रों को एनटीए के 18 रीजनल सेंटरों तक भारतीय वायु सेना के विमानों और डाक विभाग की मदद से पहुंचाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती दी गई है।

जिलों के डीएम व एसपी को परीक्षा केंद्रों पर विशेष रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी तरह के दुष्प्रचार व गड़बड़ियों से निपटने के लिए साइबर कमांडो भी तैनात किए जा रहे हैं।

मॉक ड्रिल के जरिए तैयारियों का परीक्षण

एनटीए ने मॉक ड्रिल में तैयारियों के पुख्ता होने का दावा करते हुए कहा कि यह परीक्षा 95 हजार से अधिक कक्षों में होगी। हर कक्ष में कम से कम एक सीसीटीवी लगा होगा। कुल 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी फीडिंग को राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर वर्चुअली मॉनिटर किया जाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी से परीक्षा को सुरक्षित रखने के लिए 51,311 जैमर भी लगाए गए हैं। एनटीए ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र की सीधी निगरानी के लिए अपने मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है।

गौरतलब है कि इससे पहले मेडिकल प्रवेश परीक्षा तीन मई को हुई थी। पेपर लीक होने के चलते इसे रद कर दिया गया था।

परीक्षा का समय और रिपोर्टिंग

एनटीए ने इस बार परीक्षा अवधि को 15 मिनट बढ़ाया है। परीक्षा कुल तीन घंटे 15 मिनट की होगी। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। 1.30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र का गेट बंद हो जाएगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

छात्र अपने साथ क्या लेकर आएं?

एनटीए ने प्रत्येक छात्र से तीन चीजें आवश्यक रूप से लाने को कहा है। इनमें पहला एनटीए की अधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड प्रवेश पत्र है।

दूसरा कोई फोटो युक्त पहचान पत्र है, जिसमें आधार, पैन कार्ड या वोटर आइडी आदि हो सकते हैं। साथ ही दो पासपोर्ट साइज फोटो भी लेकर आने के लिए कहा है।

यह है ड्रेस कोड

एनटीए ने छात्रों को हल्के रंग का आधे बांह का शर्ट या टी-शर्ट और साधारण पैंट या ट्राउजर पहनकर आने की सलाह दी है। फुटवियर में सिर्फ साधारण व कम हील वाले चप्पल व सैंडल पहनकर आने को कहा है।

जो छात्र धार्मिक पोशाक यानी हिजाब, पगड़ी या कृपाण आदि पहनते हैं, उन्हें गहन सुरक्षा जांच के लिए दोपहर 12.30 बजे तक केंद्र पर पहुंचने के लिए कहा है।

छात्रों को किसी प्रकार का आभूषण जैसे-अंगूठी, चेन आदि के साथ जूते व बूट आदि पहनकर नहीं आने की सलाह दी गई है।

इन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध

परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटुथ डिवाइस, वॉलेट, बेल्ट और बैग पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं। पेन, पेंसिल, किताबें या कागज का टुकड़ा अंदर ले जाने की अनुमति भी नहीं है।

छात्रों को पेन परीक्षा कक्ष में मुहैया कराया जाएगा। मधुमेह से पीड़ित छात्रों को पहले से दी गई जानकारी के आधार पर पारदर्शी पानी की बोतल, फल और शुगर की दवाइयां ले जाने की छूट होगी।

यह भी पढ़ें- NEET UG एग्जाम के लिए वायुसेना के विमान से भेजे जा रहे प्रश्न पत्र, परीक्षा के बाद होगी फोरेंसिक समीक्षा