विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जनता के मन से भ्रम दूर करना जरूरी', NDA सहयोगियों ने चुनाव आयोग से मांगी सफाई

Published: Fri, 25 Sep 2026 09:35 PM (IST)

मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट पर NDA के प्रमुख सहयोगी दलों ने चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगा है।

चुनाव आयोग के अंदरूनी फैसलों पर उठे सवाल (फाइल फोटो- PTI)

चुनाव आयोग के अंदरूनी फैसलों पर उठे सवाल (फाइल फोटो- PTI)

HighLights

  1. NDA सहयोगियों ने चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण की मांग की

  2. मीडिया रिपोर्ट पर CEC ज्ञानेश कुमार और आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल

  3. लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने पर जोर दिया गया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़ी एक मीडिया रिपोर्ट के सामने आने के बाद सत्तारूढ़ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भीतर हलचल तेज हो गई है।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, JDU नेता उपेंद्र कुशवाहा और TDP सांसद लावु श्रीकृष्णा देवरायलु समेत NDA के प्रमुख सहयोगी दलों ने चुनाव आयोग से आगे आकर स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया है।

नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग को इस विवाद और भ्रम पर त्वरित व सशक्त स्पष्टीकरण जारी करना चाहिए।

क्या बोले चिराग पासवान?

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि सरकार के सदस्य के रूप में मेरा इरादा किसी संवैधानिक संस्था का बचाव करने का नहीं है। विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों से भी मुझे कोई खास चिंता नहीं है, क्योंकि विपक्ष हमेशा वही रुख अपनाएगा जो उसके लिए राजनीतिक रूप से उपयुक्त हो।

हालांकि, अगर लोगों का चुनावी व्यवस्था पर से भरोसा कम होने लगे तो यह लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं होगा। इसलिए, मेरा मानना है कि चुनाव आयोग को और अधिक सशक्त तरीके से स्पष्टीकरण देना चाहिए। उसे राहुल गांधी और उनके सहयोगियों के बयानों का जवाब देने की जरूरत नहीं है, बल्कि लोगों के मन में मौजूद गलतफहमियों को दूर करना चाहिए।"

उपेंद्र कुशवाहा ने की स्पष्टीकरण की मांग

जनता दल (यूनाइटेड) बिहार के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने भी स्पष्टीकरण की मांग करते हुए कहा कि इस विवाद ने जनता के बीच भ्रम पैदा कर दिया है। एसआईआर को लेकर हुए विवाद ने जनता के बीच काफी भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। इस मामले का समाधान होना चाहिए। चुनाव आयोग को इस भ्रम को दूर करने के लिए वास्तविक स्थिति के बारे में तुरंत स्पष्टीकरण जारी करना चाहिए।

तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने आंध्र प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभ्यास को सफलता बताया। साथ ही यह भी कहा कि चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण लाभदायक होगा।

टीडीपी सांसद लावु श्रीकृष्णा देवरायलु ने कहा, "भारत निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है जिसे हमारे लोकतंत्र में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसलिए, जब भी कोई सवाल उठाता है, तो उचित स्पष्टीकरण देना और पारदर्शिता बनाए रखना ही संस्था में जनता के विश्वास को मजबूत करने में सहायक होगा।"

 यह भी पढ़ें- SC पहुंचा चुनाव आयोग का विवाद, CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ किसने दायर की याचिका?

यह भी पढ़ें- दोनों चुनाव आयुक्तों ने कैबिनेट सचिव को क्यों लिखा पत्र? पूर्व CEC ने बताया कहां करनी चाहिए थी शिकायत