अब हर कोई नहीं पढ़ा सकेगा आर्ट्स, म्यूजिक और होम साइंस; NCTE जल्द जारी करेगा नियम
राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) जल्द ही स्कूलों में संगीत, कला, शिल्प शिक्षा और गृह विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए पात्रता मानदंड तय करेगा।

एनसीटीई तय करेगा कला, संगीत, गृह विज्ञान शिक्षकों की पात्रता (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
एनसीटीई अब संगीत, कला, गृह विज्ञान शिक्षकों की पात्रता तय करेगा।
राज्यों में इन विषयों की पात्रता पर बढ़ते विवादों का अंत।
छात्रों की मांग पर एनसीटीई जल्द नियम अधिसूचित करेगा।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। स्कूलों में विज्ञान, गणित जैसे विषयों की तरह अब संगीत, कला (आर्टस), शिल्प शिक्षा व गृह विज्ञान विषयों को पढ़ाने वाले शिक्षकों की भी पात्रता तय होगी। राज्यों में इसे लेकर बढ़ते विवाद और छात्रों की तेज होती मांग को देखते हुए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने जल्द ही इन विषयों की भी पात्रता तय करने की जानकारी दी है।
साथ ही बताया है कि इसे लेकर काम चल रहा है। जैसे ही उसे अंतिम रूप मिलेगा, तुंरत अधिसूचित किया जाएगा।
एनसीटीई ने यह जानकारी राजस्थान के कला छात्र महेश गुर्जर की ओर से पीएमओ में दर्ज कराई गई शिकायत के जवाब में दिया है। जिसमें बताया गया है कि एनसीटीई इसे लेकर काम कर रहा है। सभी राज्यों से सुझाव लिए जा रहे है।
अब तक इन विषयों को पढ़ाने के लिए एनसीटीई ने कोई पात्रता तय नहीं की थी, बल्कि इसका जिम्मा राज्यों पर छोड़ दिया था, जो अपने हिसाब से इन विषयों को पढ़ाने के लिए अलग-अलग नियम निर्धारित करते रहे है। ऐसे में राजस्थान, उत्तराखंड सहित कई राज्यों में बड़ी संख्या में मामले न्यायालय तक पहुंचे है।
कई राज्यों में इसे लेकर इन विषयों की पढ़ाई करने वाले छात्रों ने आंदोलन भी किया। इन छात्रों का कहना था कि इन विषयों के कैसे दूसरे विषयों की पढ़ाई करके आए शिक्षकों को नियुक्ति किया जा सकता है।
गौरतलब है कि स्कूलों में किस विषय को पढ़ाने की न्यूनतम पात्रता क्या होना चाहिए, इसे लेकर एनसीटीई ने वर्ष 2011 में फिजिकल एजुकेशन सहित सभी विषयों को पढ़ाने वाले शिक्षकों की एक पात्रता निर्धारित की थी, लेकिन संगीत, कला, शिल्प शिक्षा व गृह विज्ञान विषय का पात्रता का जिम्मा राज्यों पर छोड़ दिया था। जो अपने हिसाब से नए-नए नियम बनाते रहे है।