दस साल में विमानों की संख्या 500 तक बढ़ाएगी नौसेना
भारतीय नौसेना अपने विमानों की संख्या पांच सौ तक ले जाएगी। नौसेना प्रमुख ने कहा कि आने वाले दशक में यह संख्या बढ़ा ली जाएगी। सेक्स परिवर्तन करवा चुका सैनिक ठेके पर सेवाएं दे सकता है।
हैदराबाद, प्रेट्र। नौसेना की विमानन शाखा आने वाले दशक में अपने विमानों की संख्या को 500 के करीब तक पहुंचाएगी। वर्तमान में नौसेना की विमानन शाखा के पास 238 विमान हैं। नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने शनिवार को हैदराबाद में यह जानकारी दी।
लांबा ने संवाददाताओं से कहा कि हमारे पास एक नौसेना विमानन शाखा है। इस समय शाखा के पास 238 विमान हैं। इसमें लड़ाकू, हेलीकाप्टर और मेरीटाइम निगरानी विमान शामिल हैं। हमारे पास एक योजना है। एक दशक में नौसेना विमानन शाखा के पास विभिन्न प्रकार के 500 विमान होंगे।
हैदराबाद की एयरफोर्स अकादमी में लांबा ने संयुक्त ग्रेजुएशन परेड का निरीक्षण किया। सेक्स परिवर्तन करा चुके भारतीय नौसैनिक साबी गिरि के मुद्दे पर नौसेना प्रमुख ने कहा कि बल में उसे सीधे नहीं लिया जा सकता। लेकिन ठेका कर्मचारी के रूप में गिरि आती है तो उसे स्वीकार किया जाएगा। सेक्स परिवर्तन के बाद गिरि को नौसेना से निकाला गया है।
नौसैनिक को नौकरी से बर्खास्त किए जाने के बचाव में नौसेना प्रमुख ने कहा कि नौसेना लैंगिक रूप से न्यूट्रल है। लेकिन गिरि ने जो कदम उठाया वह नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि हमने अदालत से कहा है कि हम उसे नियोजित नहीं कर सकते। हमने यह भी बता दिया है कि यदि एक प्राइवेट पार्टी उसे काम पर रखना चाहती है तो वह ठेका कामगार की तरह नौसेना में आ सकती है।