दुष्कर्म के आरोप में नौसैनिक डॉक्टर गिरफ्तार
दिल्ली के सेना बेस अस्पताल में तैनात एक सर्जन अधिकारी कमांडर कुणाल तिवारी को महिला मनोचिकित्सक से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सैन्य अधिकारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्हें 2
नई दिल्ली [प्रणय उपाध्याय]। दिल्ली के सेना बेस अस्पताल में तैनात एक सर्जन अधिकारी कमांडर कुणाल तिवारी को महिला मनोचिकित्सक से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सैन्य अधिकारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्हें 28 दिसंबर को मालवीय नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के साथ ही कमांडर कुणाल तिवारी को सेवा से निलंबित कर दिया गया है। आरोपी नौसैनिक अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर सेना के दिल्ली एरिया स्थित बेस अस्पताल में तैनात था। गौरतलब है कि हत्या, दुष्कर्म जैसे संगीन अपराधों को लेकर सैन्य अधिकारियों के साथ भी अन्य नागरिकों की तरह कार्रवाई होती है। वे ऐसे किसी अपराध में सैन्य कानून की आड़ नहीं ले सकते। सैन्य अधिकारी की गिरफ्तारी की तस्दीक करते हुए अधिकारिक सूत्रों का कहना था पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोप सही पाए जाते हैं तो सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
मालूम हो कि गत दिनों नौसेना प्रमुख एडमिरल डीके जोशी स्पष्ट कह चुके हैं कि नौसैनिक अधिकारियों के किसी भी कदाचरण के लिए उनके पास कोई रियायत नहीं है। नौसेना प्रमुख ने गत पांच-छह साल में यौन अपराध आरोपों के करीब आधा दर्जन मामले सामने आने की बात स्वीकार करते हुए कहा था कि सभी में बेहद कड़ी कार्रवाई की गई। इसके पहले नौसेना में एक कमांडर रैंक अधिकारी को महिलाओं को अश्लील मैसेज करने के आरोप में बर्खास्त किया गया था।
दुष्कर्म से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर