इस रेलवे स्टेशन पर लगेंगे खुद साफ होने वाले शौचालय
रांची डिवीजन के अफसरों ने इस संबंध में कर्नाटक की ई-टॉयलेट बनाने वाली कंपनी से बातचीत की है। सब ठीक रहा तो जल्द ही रांची रेलवे स्टेशन पर ऐसे टॉयलेट नजर आ जाएंगे।
रांची [ जेएनएन ]। यात्री सुविधाएं बढ़ाने के लिए भारतीय रेल कई मोर्चे पर काम कर रही है। इसी कड़ी में अब रांची देश का ऐसा पहले स्टेशन बन जाएगा, जहां मुसाफिरों के लिए इलेक्ट्रॉनिक टॉयलेट लगेंगे।
रांची डिवीजन के अफसरों ने इस संबंध में कर्नाटक की ई-टॉयलेट बनाने वाली कंपनी से बातचीत की है। सब ठीक रहा तो जल्द ही रांची रेलवे स्टेशन पर ऐसे टॉयलेट नजर आ जाएंगे।
इस बारे में रांची डीआरएम विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि, "पहले से चेन्नई, बेंगलुरू, मुंबई जैसे शहरों में इ-टॉयलेट का इस्तेमाल हो रहा है। मगर अभी तक रेलवे स्टेशन पर इसे नहीं लगाया गया है। ऐसे में हम रांची में इसे लगाने के बारे में सोच रहे हैं।"
डीआरएम गुप्ता ने बताया कि, मुसाफिरों की सुविधा को देखते हुए इसे लगाया जा रहा है, जो सार्वजनिक शौचालय से काफी बेहतर होगा।
ऐसे होते हैं ई-टॉयलेट
इलेक्ट्रॉनिक टॉयलेट मुख्यता स्टील से बनते हैं। जिस पर खास पाउडर की परत चढ़ाई जाती है। इस टॉयलेट को तभी इस्तेमाल किया जा सकता है, जब इसके इलेक्ट्रॉनिक पैनल में अब तय की गई फीस जितने सिक्कों के रूप में डालते हैं।
इस टॉयलेट में प्री फ्लश, ऑटो फ्लश जैसी सुविधा है। वहीं इस्तेमाल के बाद इसमें लगे सेंसर टॉयलेट को अपने आप साफ कर देते हैं। रांची में इस साल जून तक इसे लगा दिया जाएगा।
ऐसे बढ़ाई जाएगी यात्री सुविधा
रांची डिवीजन से चलने वाली ट्रेनों में यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए तीन ट्रेनों में अत्याधुनिक सुविधाएं जुटाई जाएंगी। ताकि मुसाफिरों को यात्रा के दौरान अच्छा अनुभव मिले। इसके लिए रांची से नई दिल्ली के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस में सीसीटीवी, डस्टबिन, मॉड्यूलर शॉवर लगाए जाएंगे।
वहीं रांची से हावड़ा के बीच चलने वाले इंटरसिटी एक्सप्रेस में भी नई सुविधाएं जुटाई जाएंगी। इसमें ट्रेन का टाइम-टेबल, कोच के भीतर अनाउंसमेंट की सुविधा, डस्टबिन, स्टील की साबुनदानी लगाई जाएगी। वहीं ट्रेन के भीतर राज्य के खूबसूरत पर्यटक स्थलों की तस्वीरें भी लगाई जाएंगी।