Trump के हर विदेश दौरे पर साथ होती है खुफिया 'फुटबॉल' और 'बिस्किट', जानें- खासियत
सीक्रेट सर्विस के नाम के साथ जो नाम सबसे ज्यादा सुना जाता है वो ‘फुटबॉल’ और ‘बिस्किट’ हैं। एक नजर
नई दिल्ली। US President डोनाल्ड ट्रंप भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump की सुरक्षा का जिम्मा अमेरिकी सीक्रेट एजेंसी का होगा। अमेरिकन सीक्रेट सर्विस एजेंट भारत में करीब एक महीने पहले ही आ चुके हैं। अपने सुरक्षा उपकरणों और संचार उपकरणों के लिए पहले भारतीय अधिकारियों से इजाजत ली गई। सीक्रेट सर्विस के नाम के साथ जो नाम सबसे ज्यादा सुना जाता है वो ‘फुटबॉल’ और ‘बिस्किट’ हैं। एक नजर -
ये है फुटबॉल: फुटबॉल एक काले रंग का चमड़े का ब्रीफकेस है, जो कि तब अस्तित्व में आता है जब अमेरिकी राष्ट्रपति देश छोड़कर बाहर जाते हैं। यह दुनिया का सबसे ताकतवर ब्रीफकेस है। इसमें परमाणु डिवाइस का खुफिया कोड और अलार्म होता है। इस ब्रीफकेस में ऊपर की ओर निकला एक एंटीना होता है जो कि सैटेलाइट फोन से जुड़ा होता है। 1962 से जब भी कोई राष्ट्रपति विदेश दौरे पर जाता है तो यह ब्रीफकेस उनके साथ होता है।
बिस्किट: फुटबॉल के साथ ही बिस्किट भी ऐसा नाम है, जो काफी महत्वपूर्ण है। विदेशी दौरों पर अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ फुटबॉल में चार चीजें होती हैं जिसमें सबसे महत्वपूर्ण बिस्किट है। यह एक बिस्किट के आकार का प्लास्टिक युक्त कोड होता है, अमेरिकी राष्ट्रपति को परमाणु हथियारों के चलाने की आज्ञा के लिए इस कोड की जरूरत होती है।
बता दें कि ट्रंप दो दिन की यात्रा पर आज भारत पहुंच रहे हैं। उनके साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, उनकी बेटी इवांका ट्रंप, दामाद जारेड कुशनर और वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों का दल भी आ रहा है। बराक ओबामा के बाद ट्रंप ऐसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं जो अपने पहले ही कार्यकाल में भारत आ रहे हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के विभिन्न मसलों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
ग्लोबल रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट्स, एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस एंड हॉस्पिटल के सलाहकार अल मैसन ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपतियों में ट्रंप भारत के सबसे घनिष्ठ मित्र हैं। वह भारतीयों और भारतीय-अमेरिकियों को बहुत प्यार करते हैं और भारतीय अमेरिकी भी उन्हें बहुत पसंद करते हैं।