ऑक्सफोर्ड म्यूजियम ने 100 साल बाद लौटाईं 39 नागा खोपड़ियां, ब्रिटिश राज में हुई थीं चोरी
ऑक्सफोर्ड के पिट रिवर्स संग्रहालय ने औपनिवेशिक काल में छीने गए नागा समुदाय के 39 अवशेष (ज्यादातर खोपड़ियां) नागालैंड के प्रतिनिधिमंडल को सौंप दिए हैं।

ऑक्सफोर्ड संग्रहालय ने नागा समुदाय के 39 अवशेष लौटाए
HighLights
ऑक्सफोर्ड संग्रहालय ने नागा समुदाय के 39 अवशेष लौटाए
औपनिवेशिक काल में छीने गए थे ये नागा अवशेष
नगालैंड में स्मारक में दफनाए जाएंगे पूर्वजों के अवशेष
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। औपनिवेशिक काल में अपनी मातृभूमि से छीन ली गईं और ब्रिटिश संग्रहालय में महज प्रदर्शनी की वस्तु बनकर रह गईं नागा समुदाय की 39 अवशेषों (ज्यादातर खोपड़ियां) की घर वापसी की यात्रा आखिरकार शुरू हो गई।
सोमवार को ऑक्सफोर्ड के प्रतिष्ठित पिट रिवर्स संग्रहालय ने इन अवशेषों को आधिकारिक रूप से नगालैंड के प्रतिनिधिमंडल को सौंप दिया। इसी के साथ दशकों से चला आ रहा इंतजार अब खत्म हो गया।
ये अवशेष नागालैंड में एक पार्क में बने साझा स्मारक में दफनाए जाएंगे। बुजुर्गों के अनुसार, यह कदम न सिर्फ पूर्वजों को सम्मानजनक विश्राम देगा, बल्कि औपनिवेशिक घावों को भरने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
संग्रहालय की निदेशक लौरा वैन ब्रोकहोवेन ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया, जो आने वाली पीढ़ियों को सुनाई जाने वाली कहानियों का हिस्सा बनेगा।
ये अवशेष 1910 से 1940 के दशक के बीच ऑक्सफोर्ड पहुंचे थे। संग्रहालय ने माना कि इनमें से कुछ को सैन्य अभियानों के दौरान जब्त किया गया था।
दशकों तक इन्हें सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के बाद, संग्रहालय ने अपनी 'औपनिवेशिक-मुक्त करने की प्रक्रिया' के तहत 2020 में इन्हें सार्वजनिक प्रदर्शन से हटा दिया था।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)