विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘हाथ काटने’ की धमकी पर मुसादिक मलिक की चुप्पी, सिंधु जल संधि पर सवालों से बचते दिखे पाक मंत्री; आतंकवाद पर मांगे सबूत

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:06 AM (GMT+05:30)

पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने भारत में सिंधु जल संधि पर अपने आक्रामक बयान से यू-टर्न लिया और बातचीत का न्योता मांगा। आतंकवाद पर सवालों पर उन्होंने सबूतों की मांग की।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सिंधु जल संधि पर पाक मंत्री का बदला रुख।

  2. आतंकवाद के आरोपों पर सबूतों की मांग की।

  3. भारत ने सिंधु जल संधि पर रुख नहीं बदला।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान में बैठकर भारत को पानी के मुद्दे पर हाथ काटने की गीदड़भभकी देने वाले वहां के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक का भारत की राजधानी में रुख बदला-बदला नजर आया।

सिंधु जल संधि पर अपने पुराने आक्रामक बयान को लेकर सवाल हुआ तो वह जवाब देने के बजाय बातचीत का न्योता मांगने लगे।

यही नहीं, पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क और भारत में हुए आतंकी हमलों में उसकी भूमिका पर सवाल उठे तो उन्होंने जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय सुबूतों की मांग शुरू कर दी।

पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे मलिक से जब सिंधु जल संधि पर भारत के फैसले को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि भारत चर्चा के लिए आमंत्रित करेगा तो पाकिस्तान बातचीत को तैयार है।

गौरतलब है कि जून में उन्होंने भारत के संधि निलंबन के फैसले पर आपत्ति जताते हुए धमकी दी थी कि पाकिस्तान के पानी को रोकने की कोशिश करने वाले हाथ काट दिए जाएंगे।

भारत ने उनके इस नए रुख पर कोई नरमी नहीं दिखाई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि सिंधु जल संधि पर भारत का रुख पहले की तरह कायम है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।

आतंकवाद पर भी सवालों से बचते रहे

पाकिस्तानी मंत्री से जब भारत में हुए आतंकी हमलों और पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादी संगठनों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सीधे जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से जुड़े मुद्दों पर चर्चा सुबूतों के आधार पर होनी चाहिए।

इसके लिए द्विपक्षीय या बहुपक्षीय मंच बनाया जा सकता है, जहां दोनों देश अपने-अपने साक्ष्य रख सकें। मलिक ने दावा किया कि आतंकवाद से पाकिस्तान भी प्रभावित है और इसे खत्म करने में उसका सबसे अधिक हित है।

हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान की जमीन से संचालित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया।

पाकिस्तान के लिए सिंधु नदी जीवनरेखा

सिंधु जल संधि का निलंबन पाकिस्तान के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उसकी करीब 1.6 करोड़ हेक्टेयर कृषि भूमि का 80 प्रतिशत और कुल जल उपयोग का 93 प्रतिशत सिंधु नदी प्रणाली पर निर्भर है।

ऐसे में भारत से बातचीत की पाकिस्तानी मंत्री की अपील को इस मुद्दे पर इस्लामाबाद की बढ़ती चिंता के रूप में देखा जा रहा है। भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते।

(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।