विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया मुरासू, दो की मौत; कई इलाकों में भारी वर्षा

Published: Wed, 04 Nov 2026 01:57 AM (IST)

ओडिशा के दक्षिणी जिलों में बारिश के साथ भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। आपदा प्रबंधन मंत्री ...और पढ़ें

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया मुरासू, दो की मौत (फोटो- एएनआई)

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया मुरासू, दो की मौत (फोटो- एएनआई)

HighLights

  1. 110 किमी की रफ्तार से चलीं हवाएं, तटीय इलाकों में भारी बारिश और पेड़ उखड़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ

  2. आंध्र प्रदेश के तीन हवाई अड्डों पर 19 और चेन्नई में 11 उड़ानें रद की गईं, ओडिशा सहित कई राज्यों में भी अलर्ट

  3. आंध्र में 1.75 लाख लोग प्रभावित, 30 हजार हेक्टेयर फसल बर्बाद, 15 जिलों में फसलों को भारी नुकसान

  4. ओडिशा के पांच जिलों में आपदा टीमें तैनात, 1.60 लाख लोगों का सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मुरासू ने मंगलवार तड़के आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर दस्तक देकर भारी तबाही मचाई। 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं और मूसलधार बारिश ने तटीय इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तूफान से दो लोगों की मौत की सूचना है।

इससे आंध्र प्रदेश में करीब 1.75 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। 15 जिलों में 30 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खड़ी फसल बर्बाद हो गई। तूफान को देखते हुए ओडिशा और तमिलनाडु में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

ओडिशा के दक्षिणी जिलों में बारिश के साथ भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि 1.60 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

पहाड़ी इलाकों के लोगों को मौसम सामान्य होने तक राहत शिविरों में रहने की सलाह दी गई है। तूफान की वजह से आंध्र प्रदेश के तीन हवाई अड्डों पर 19 और चेन्नई में 11 उड़ानें रद की गईं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बात कर तूफान से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

गृह मंत्री शाह ने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें पहले से ही प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य कर रही हैं।

उधर, तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की आशंका के मद्देनजर मंगलवार को स्कूल बंद रखे गए। जिला प्रशासन ने कुड्डालोर तालुक के साथ रेड्डिचावड़ी और नेल्लिकुप्पम के स्कूलों में अवकाश घोषित किया।

आंध्र प्रदेश में 14 एनडीआरएफ टीमें तैनात

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के डीआइजी मोहसेन शहीदी ने बताया कि आंध्र प्रदेश तूफान से सबसे अधिक प्रभावित है। यहां एनडीआरएफ की 14 टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हैं। तटीय इलाकों के करीब 1.75 लाख लोग तूफान से प्रभावित हुए हैं। इनमें से लगभग 10 हजार लोगों को 171 राहत शिविरों में रखा गया है।

ओडिशा के पांच जिलों में आपदा प्रबंधन दल तैनात

भूस्खलन की आशंका को देखते हुए दक्षिणी ओडिशा के पांच जिलों में आपदा प्रबंधन दल तैनात किए गए हैं। मुरासू के प्रभाव से ओडिशा के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश हुई। राज्य सरकार ने कोरापुट, मलकानगिरी, कंधमाल और कालाहांडी समेत प्रभावित क्षेत्रों के जिला कलेक्टरों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।