26/11 के टारगेट नरीमन हाउस की रेकी करने के आरोप में युवक गिरफ्तार, विदेशी हैंडलर्स के इशारों पर रख रहा था नजर
नवी मुंबई में 20 वर्षीय यश सिंह को विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर मुंबई के संवेदनशील ठिकानों, विशेषकर नरीमन हाउस की रेकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

नरीमन हाउस की रेकी करने वाला युवक गिरफ्तार
HighLights
यश सिंह को नरीमन हाउस की रेकी के आरोप में पकड़ा।
विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर संवेदनशील जानकारी जुटा रहा था।
आतंकी गिरोह युवाओं को सोशल मीडिया से फंसा रहे हैं।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। नवी मुंबई शनिवार को एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड और केरलम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यश सिंह के रूप में हुई है, जिस पर विदेशी हैंडलर्स के इशारे मुंबई की संवेदनशील जगहों की रेकी करने का गंभीर आरोप है।
इन ठिकानों में कोलाबा स्थित चाबाद हाउस (नरीमन हाउस) भी शामिल है, जो 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य निशानों में से एक था।
कैसे खुला जासूसी का नेटवर्क?
नवी मुंबई के ऐरोली इलाके में रहने वाले यश सिंह के बारे में एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोशल मीडिया के जरिए उसके तार अंतरराष्ट्रीय आपराधिक और आतंकी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। जब एटीएस ने उसकी गतिविधियों की गहराई से जांच की, तो पता चला कि उसके संबंध केरलम के त्रिशूर में दर्ज एक मामले से जुड़े हैं।
केरलम में यह मामला यूएपीए के तहत दर्ज किया गया था।
नवी मुंबई एटीएस से इनपुट मिलते ही केरलम पुलिस के अधिकारियों की एक विशेष टीम तुरंत नवी मुंबई पहुंची। संयुक्त जांच और केरलम के मामले से यश सिंह के सीधे तार जुड़ने की पुष्टि होने के बाद, टीम ने शनिवार को उसे धर दबोचा।
विदेशी नागरिकों की जुटा रहा था जानकारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि यश सिंह को मुंबई के महत्वपूर्ण और संवेदनशील ठिकानों की रेकी करने का काम सौंपा गया था। उसे खास तौर पर कोलाबा इलाके में स्थित यहूदी धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र चाबाद हाउस पर नजर रखने को कहा गया था।
इसके अलावा, आरोपी को मुंबई में रहने वाले या कारोबार करने वाले यहूदी और अन्य विदेशी नागरिकों की तस्वीरें, उनकी गाड़ियों के नंबर व अन्य जानकारी और उनकी सटीक भौगोलिक लोकेशन जुटाकर अपने विदेशी हैंडलर्स को भेजने के निर्देश दिए गए थे।
युवाओं को फंसा रहे आतंकी गिरोह
नवी मुंबई एटीएस ने इस गिरफ्तारी के साथ ही एक बड़े खतरे की ओर भी इशारा किया है। एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी जैसे कुख्यात गिरोह और आतंकी नेटवर्क भारत के बेरोजगार और आर्थिक तंगी से जूझ रहे युवाओं को अपना निशाना बना रहे हैं। ये गिरोह टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इन युवाओं से संपर्क करते हैं।
शुरुआत में इन्हें छोटे-मोटे काम के बदले मोटी रकम देने का लालच दिया जाता है। एक बार जाल में फंसने के बाद, इन युवाओं का इस्तेमाल संवेदनशील जगहों की रेकी करने, गोपनीय जानकारी जुटाने और बड़ी आतंकी साजिशों को अंजाम देने के लिए किया जाता है।
क्यों निशाना बना था नरीमन हाउस?
नरीमन हाउस की रेकी का मामला इसलिए भी बेहद संवेदनशील है क्योंकि 26/11 के आतंकी हमले में यह इमारत आतंकियों के मुख्य निशाने पर थी। उस समय पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों में से दो आतंकियों ने नरीमन हाउस पर कब्जा कर लिया था और वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया था।
तीन दिनों तक चले उस खौफनाक हमले में कुल 166 लोग मारे गए थे। नरीमन हाउस में स्थित चाबाद-लुबाविच यहूदी केंद्र में आतंकियों ने केंद्र के प्रमुख रब्बी गेवरियल होल्ट्जबर्ग, उनकी गर्भवती पत्नी रिवका और अन्य विदेशी व भारतीय नागरिकों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। उस हमले में रब्बी दंपति का दो साल का बेटा मोशे अपनी भारतीय नैनी सैंड्रा सैमुअल्स की सूझबूझ से जिंदा बच गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।