यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रिपब्लिक टीवी के सीएफओ को पुलिस ने आज पूछताछ के लिए बुलाया, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी
टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट्स से छेड़छाड़ करने वाले कथित रैकेट की जांच के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को रिपब्लिक टीवी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) शिव सुब्रमण्यम सुंदरम को समन जारी किया। उनसे शनिवार सुबह 11 बजे पुलिस मुख्यालय पहुंचने के लिए कहा गया है।

मुंबई, पीटीआइ। टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट्स (Television Rating Points यानी TRP) से छेड़छाड़ करने वाले कथित रैकेट की जांच के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को रिपब्लिक टीवी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) शिव सुब्रमण्यम सुंदरम को समन जारी किया। उनसे शनिवार सुबह 11 बजे पुलिस मुख्यालय पहुंचकर जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। इस बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने निजी चैनलों पर प्रसारित होने वाले कंटेंट को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
सुंदरम को समन
एक अधिकारी ने बताया कि सुंदरम के अलावा मराठी चैनल 'फक्त मराठी' एवं 'बॉक्स सिनेमा' और कुछ विज्ञापन एजेंसियों के अकाउंटेंट को भी समन किया गया है। सुंदरम को भेजे समन में कहा गया है, यह मानने का पर्याप्त आधार है कि वह मामले के कुछ तथ्यों और परिस्थितियों से वाकिफ हैं और उनकी पुष्टि करने की जरूरत है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी
चैनलों के बीच छिड़ी टीआरपी की जंग के बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने निजी चैनलों के लिए शुक्रवार को एडवाइजरी जारी की। इसमें उनसे केबल टेलीविजन नेटवर्क (रेगुलेशन) एक्ट, 1995 के तहत प्रोग्राम कोड का पालन करने के लिए कहा गया है। इसके मुताबिक किसी कार्यक्रम में आधा सच, अश्लील और बदनाम करने वाली सामग्री नहीं दिखाई जानी चाहिए।
छवि बिगाड़ने की सामग्री न दिखाएं
इसके अलावा कार्यक्रम में किसी व्यक्ति, समूह, समाज के वर्ग, जनसाधारण और देश के नैतिक जीवन की आलोचना, छवि बिगाड़ने या कलंकित करने वाली सामग्री नहीं दिखाई जानी चाहिए। इसमें दिल्ली हाई कोर्ट के हालिया आदेश का जिक्र भी किया गया है।
संसदीय समिति करेगी चर्चा
इस बीच सूचना प्रौद्योगिकी पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली संसदीय स्थायी समिति ने टीआरपी मसले पर विचार-विमर्श करने का फैसला किया है। समिति के सदस्य और कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने थरूर से यह अनुरोध किया था।
मुंबई पुलिस ने किया है भंडाफोड़
उल्लेखनीय है कि मुंबई पुलिस ने गुरुवार को टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट्स (टीआरपी) से छेड़छाड़ करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया था। उसने बताया कि इस संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इस मामले में रिपब्लिक टीवी ने पुलिस के दावे को खारिज करते हुए कहा है कि वह मुंबई पुलिस आयुक्त के खिलाफ मानहानि का केस दाखिल करेगा।