Move to Jagran APP

मुंबई के अंधेरी में गिरा फुटओवर ब्रिज का हिस्सा, 6 जख्मी; लोकल सेवा प्रभावित

मुंबई में अंधेरी वेस्ट इलाके में मंगलवार सुबह हादसा हो गया। यहां एक फुटओवर ब्रिज का हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। इस हादसे में 6 लोग जख्मी हो गए हैं।

By Nancy BajpaiEdited By: Published: Tue, 03 Jul 2018 08:36 AM (IST)Updated: Tue, 03 Jul 2018 03:09 PM (IST)
मुंबई के अंधेरी में गिरा फुटओवर ब्रिज का हिस्सा, 6 जख्मी; लोकल सेवा प्रभावित
मुंबई के अंधेरी में गिरा फुटओवर ब्रिज का हिस्सा, 6 जख्मी; लोकल सेवा प्रभावित

मुंबई (एएनआइ)। मुंबई में अंधेरी के पास हार्बर लाइन यातायात बहाल कर दिया गया है। आज सुबह मुंबई के अंधेरी पश्चिम में सड़क ओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया था। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए थे। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ। गनीमत ये रही कि इतनी सुबह पुल से आने-जाने वालों की संख्या कम थी, नहीं तो हादसा बड़ा भी हो सकता था।

loksabha election banner

मलबा हटाने का काम जारी

वहीं, राहत-बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर मौजूद है, मलबा हटाने का काम जारी है। आरपीएफ अधिकारी आर.कुडवालकर ने बताया, 'अंधेरी ब्रिज हादसे में 5 लोग घायल हुए हैं, सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसी के मलबे में फंसे होने की संभावना नहीं है। रेल प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी और पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है, मलबा हटाने का काम जारी है। अगले 4 घंटे में ट्रैक पर परिचालन शुरू होने की संभावना है।' 

सीएम फडणवीस की हादसे पर नजर 

वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हादसे पर नजर बनाए हुआ हैं। फडणवीस ने पुलिस कमिश्नर और बीएमसी कमिश्नर से बात करके जानकारी ली। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ट्वीट में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने सीपी से यातायात सेवा को सुचारू रूप से चलने के लिए सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही, बीएमसी आयुक्त से यात्रियों की सुविधा के लिए सर्वश्रेष्ठ बसों की आवृत्ति बढ़ाने के लिए कहा है।

रेल सुरक्षा आयुक्त को जांच का आदेश

वहीं, रेलमंत्री पीयूष गोयल ने भी हादसे को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, 'ओवर ब्रिज का एक हिस्सा यातायात को प्रभावित करने वाले अंधेरी स्टेशन की पटरियों पर गिरा है। संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य तेज करने और अन्य विभागों के साथ निकट समन्वय में तेजी से यातायात बहाल करने के लिए निर्देश दिया गया। रेल सुरक्षा आयुक्त को जांच का आदेश।'


 

लोकल सेवा प्रभावित

इस हादसे ने मुंबई की लाइफ लाइन लोकल ट्रेन सेवा को भी प्रभावित कर रखा है। इस कारण अंधेरी-विरार लोकल सेवा ठप हो रखी है। अंधेरी इलाके से लोकल ट्रेनों के संचालन को बंद किया गया है। विले-पार्ले लाइन पर भी लोकल देरी से चल रही है। सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए घाटकोपर स्टेशन से कुछ ट्रेनों के रूट को बढ़ा दिया है। 

39 एक्स्ट्रा बसें चला रहा है बेस्ट

ब्रिज हादसे के बाद लोकल ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने के बाद वेस्टर्न लाइन के रूट्स पर बांद्रा और अंधेरी के बीच बेस्ट 39 एक्स्ट्रा बसें चला रहा है। 

फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां मौके पर मौजूद

वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। ये फुटओवर ब्रिज अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास है। हादसे की वजह से अंधेरी से विरार जाने वाली लोकल लेट चल रही हैं। वहीं, इसका असर यातायात पर भी पड़ा है। ये फुटओवर ब्रिज अंधेरी ईस्ट को अंधेरी वेस्ट से जोड़ता है,  इसे गोखले ब्रिज के नाम से जाना जाता है।

वहीं, फुटओवर ब्रिज का मलबा गिरने से रेलवे ट्रैक पर OHE प्रभावित हुई है, जिसके कारण यातायात पर फर्क पड़ा है। इस कारण अंधेरी से विले पार्ले जाने वाली सभी चार लाइनें भी बंद कर दी गई हैं। बता दें कि पिछले काफी समय से मुंबई में लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को भी जिस दौरान ओवरब्रिज गिरा, उस इलाके में भी उस वक्त बारिश हो रही थी। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की भी समस्या देखने को मिल रही है। 

हेल्पलाइन नंबर जारी

वेस्टर्न रेलवे ने अंधेरी हादसे को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अंधेरी के लिए 02267630054, चर्चगेट के लिए 02267622540, बोरीवली के लिए 02267634053 और मुंबई सेंट्रल के लिए 02267644257 पर संपर्क किया जा सकता है।

ब्रिज के एक तरफ स्कूल, दूसरी तरफ स्टेशन

जानकारी के मुताबिक ओवर ब्रिज के पास ही रेलवे स्टेशन है, जबकि दूसरी ओर दो स्कूल हैं। जिस कारण इस ब्रिज का काफी इस्तेमाल होता है। हालांकि ये हादसा काफी सुबह हुआ, इसलिए ब्रिज पर अधिक संख्या में लोग नहीं थे। अगर लोग होते तो यह हादसा काफी बड़ा हो सकता था। 

पिछले साल हुआ था एलफिंस्टन ब्रिज पर बड़ा हादसा

ये कोई पहली बार नहीं है, जब मुंबई में फुटओवर ब्रिज से जुड़े किसी हादसे की तस्वीर सामने आई हो। इससे पहले पिछली साल सितंबर में मुंबई के एलफिंस्टन ब्रिज पर भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में करीब 23 लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि इस ब्रिज को बाद में रेलवे और सेना ने साथ मिलकर युद्ध स्तर पर बनाया।

हालांकि इस दौरान भी ओवर ब्रिज  सवालों के घेरे में रहा था। इस बार भी ओवर ब्रिज की हालत पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि अगर ब्रिज इतना ही कमजोर था कि गिरने की नौबत आ सकती थी, तो इसे लोगों के लिए क्यों चालू रखा था। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.