सिटी वैल्थ इंडेक्स लिस्ट में मुंबई ने वाशिंगटन डीसी समेत टोरंटो और मास्को को पछाड़ा
सिटी वैल्थ इंडेक्स की लिस्ट में मुंबई को 21वां स्थान मिला है। इसमें यह टोरंटो समेत वाशिंगटन डीसी और मास्को से भी आगे है।
मुंबई। सिटी वैल्थ इंडेक्स की लिस्ट में देश की आर्थिक राजधानी मुंबई ने टोरंटो समेत वाशिंगटन डीसी और मास्को को पछाड़ दिया है। इस लिस्ट में मुंबई को 21वां स्थान मिला है। नाइट फ्रेंक वैल्थ रिपोर्ट 2017 ने बुधवार को यह लिस्ट जारी की है। इसमें दिल्ली को 35वां स्थान मिला है जबकि बैंकाक, सिएटल और जकार्ता इससे पीछे छूट गए हैं।
इस लिस्ट में करीब 89 देशों के 125 शहरों को लिया गया था। इस दौरान वहां रहने वालों की कुल संपत्ति (ultrahigh net worth individuals- UHNWI) समेत निवेश और लाइफस्टाइल पर भी शहर को जांचा और परखा गया। इस बार इस लिस्ट को दुनियाभर के बड़े प्राइवेट बैंकर्स और वैल्थ एडवाइजर्स के सर्वे से मिले आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दस वर्षों में भारत में रहने वाले लोगों के रहनसहन में काफी सुधार हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक यह दोगुने से भी अधिक करीब 290 फीसद बढ़ा है। वहीं भारत में दुनिया के करीब दो फीसद अरबपति और 5 फीसद करोड़पति मौजूद हैं। UHNWI के मामले में भारत का मुंबई जहां इसमें सबसे अव्वल है वहीं दिल्ली और कोलकाता दूसरे और तीसरे नंबर पर है। इसके अलावा हैदराबाद चौथे नंबर पर आता है।
फ्यूचर वैल्थ की कैटेगरी में भी मुंबई 11 स्थान पर आता है। 40 शहरों की इस लिस्ट में वह शिकागो, सिडनी, पेरिस, सियोल और दुबई से भी आगे है। इस रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय अधिकत प्रापर्टी में निवेश करना पसंद करते हैं। इस लिहाज से अगले दो वर्षों में करीब 40 फीसद लोग घरेलू बाजार और करीब 25 फीसद लोग विदेशी बाजार में निवेश कर सकते हैं।