मणिपुर की अंतिम मतदाता सूची जारी, कुल 19.60 लाख वोटर; पुरुषों से ज्यादा महिला वोटर दर्ज
मणिपुर की अंतिम मतदाता सूची जारी हो गई है, जिसमें कुल 19.60 लाख पंजीकृत मतदाता हैं। इस सूची में महिलाओं ...और पढ़ें

मणिपुर मतदाता सूची में पुरुषों से ज्यादा महिला वोटर दर्ज
HighLights
मणिपुर की अंतिम मतदाता सूची जारी हुई।
कुल 19.60 लाख मतदाता, महिलाएं अधिक।
मतदाता सूची में लिंगानुपात 1,056 दर्ज।
आईएएनएस, इंफाल। मणिपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को जारी की गई अंतिम मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि एक जुलाई, 2026 को पात्रता तिथि मानते हुए मणिपुर में कुल 19,60,620 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 10,06,962 महिलाएं, 9,53,350 पुरुष और 308 थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल हैं।
अंतिम मतदाता सूची में लिंगानुपात 1,056 है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में कुल 56,871 मतदाताओं को शामिल किया गया है और 30,650 मतदाताओं को प्रारंभिक मतदाता सूची से हटाया गया है।
मणिपुर की सभी 60 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची रविवार को संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा प्रकाशित की गई।
इससे पहले प्रारंभिक मतदाता सूची पांच जुलाई को प्रकाशित की गई थी, जिसमें कुल 19,34,399 मतदाता थे, जिनमें 9,93,660 महिला मतदाता शामिल थीं। कुल 1,58,677 मतदाता जिनके गणना फार्म प्राप्त नहीं हुए थे, उन्हें प्रारंभिक मतदाता सूची से बाहर रखा गया था।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पांच जुलाई से चार अगस्त के बीच कुल 96,985 दावे और आपत्तियां दर्ज की गई थीं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि 85 नए मतदान केंद्रों के निर्माण के साथ, राज्य में मतदान केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,041 हो गई है।
18 मई, 2026 को ड्राफ्ट प्रकाशित होने से पहले मतदाताओं की संख्या 20,93,076 थी, जिसमें 10,10,317 पुरुष, 10,82,459 महिला और 300 थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल थे।