Move to Jagran APP

महाराष्ट्र में नौ हजार से ज्यादा नए मामले, देश में अब तक आठ लाख से ज्यादा मरीज हुए ठीक

महाराष्ट्र में एक बार फिर नौ हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को 9615 नए केस मिले और संक्रमितों की संख्या भी बढ़कर तीन लाख 57 हजार 117 हो गई है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Fri, 24 Jul 2020 09:53 PM (IST)Updated: Fri, 24 Jul 2020 09:58 PM (IST)
महाराष्ट्र में नौ हजार से ज्यादा नए मामले, देश में अब तक आठ लाख से ज्यादा मरीज हुए ठीक
महाराष्ट्र में नौ हजार से ज्यादा नए मामले, देश में अब तक आठ लाख से ज्यादा मरीज हुए ठीक

जेएनएन, नई दिल्ली। महाराष्ट्र और दक्षिण भारत समेत कई राज्यों में बढ़ते मामलों से संक्रमितों की संख्या पिछले तीन-चार दिनों में अचानक बहुत तेजी से बढ़ी है। 22 जुलाई को 12 लाख से कम मामले थे, जो अब बढ़कर सवा 13 लाख को पार कर गए हैं। तीन दिन में करीब डेढ़ लाख नए मामले बढ़े हैं। हालांकि, अच्छी बात ये भी है कि अब तक आठ लाख से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं। इस महामारी से मरने वालों की संख्या भी 30 हजार को पार कर गई है।

loksabha election banner

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य स्रोतों से रात आठ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार की देर रात से अब तक 40 हजार 730 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 17 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए हैं। शुक्रवार को देश में 688 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 278, कर्नाटक में 110, तमिलनाडु में 88, उत्तर प्रदेश में 50, आंध्र प्रदेश में 49, बंगाल में 35, गुजरात में 26, जम्मू-कश्मीर में 14, मध्य प्रदेश में 11, असम व ओडिशा में छह-छह और केरल, हरियाणा व राजस्थान में चार-चार मौतें शामिल हैं।

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरह से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान सामने आए करीब 50 हजार नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 12 लाख 87 हजार से ज्यादा हो गई है। इस दौरान 740 लोगों की जान भी गई है और मृतकों की संख्या बढ़कर 30 हजार 601 पर पहुंच गई है। आठ लाख 17 हजार से ज्यादा मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मरीज चार लाख 40 हजार से कुछ ज्यादा ही रह गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में नौ हजार से ज्यादा नए मामले

महाराष्ट्र में एक बार फिर नौ हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को 9615 नए केस मिले और संक्रमितों की संख्या भी बढ़कर तीन लाख 57 हजार 117 हो गई है। 278 लोगों की मौत भी हुई है और मृतकों की संख्या भी बढ़कर 13,132 पर पहुंच गई है। गुजरात में 1,068 नए मामले मिले हैं। राज्य में अब तक 53 हजार 631 मामले सामने आए चुके हैं और 2,283 लोगों की जान भी जा चुकी है।

तमिलनाडु में दो लाख के करीब संक्रमित

तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के राज्यों में कोरोना का कहर ठहरता नहीं दिख रहा। नए मामलों में आंध्र प्रदेश ने तमिलनाडु को भी पीछे छोड़ दिया है। आंध्र प्रदेश में 8,147 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 80 हजार 858 हो गया है। अब तक 933 लोगों की जान भी जा चुकी है। तमिलनाडु में रिकॉर्ड 6785 नए केस मिले हैं और राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख के करीब पहुंच गया है। कोरोना से 3,320 लोगों की मौत भी हो चुकी है। अब तक एक लाख 99 हजार 749 संक्रमित सामने आ चुके हैं। हालांकि, इनमें से एक लाख 43 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं। कर्नाटक में पांच हजार सात नए मामले मिले हैं और मरीजों की संख्या 85 हजार 870 हो गई है। राज्य में अब तक 1,724 लोगों की जान भी जा चुकी है। केरल में भी 885 नए मामले मिलें हैं, लेकिन इससे ज्यादा 968 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है। राज्य में अब तक 16 हजार 995 मरीज मिल चुके हैं। पुडुचेरी में 97 नए केस मिले हैं और कुल मरीजों की संख्या 2,513 हो गई है।

उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड नए मामले

उत्तर प्रदेश में लगातार नए मामले बढ़ रहे हैं। कई जिलों में कानपुर, लखनऊ समेत कई जिलों में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को राज्य में रिकॉर्ड 2667 नए मामले सामने आए और 50 लोगों की मौत भी हो गई। संक्रमितों की संख्या 60 हजार 771 हो गई है और 1,348 लोगों की अब तक मौत भी हुई है।

ओडिशा में 22 हजार से ज्यादा संक्रमित

ओडिशा में 1,594 संक्रमित पाए गए हैं और इसके साथ ही कुल मामलों की संख्या 22 हजार 500 हो गई है। छत्तीसगढ़ में 116 नए मरीजों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या छह हजार 370, मध्य प्रदेश में 736 नए केस साथ 26 हजार 210, हरियाणा में 780 नए मामलों के साथ 29 हजार 755 और राजस्थान में 375 नए केस के साथ कुल 33 हजार 595 मामले अब तक सामने आ चुके हैं। जम्मू-कश्मीर में 353 नए मामले मिले हैं और हिमाचल प्रदेश में भी 41 नए केस सामने आए हैं। इन दोनों ही राज्यों में कुल मरीजों की संख्या क्रमश: 16 हजार 782 और 1,874 हो गई है।

त्रिपुरा में 206 नए मामले

पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा में 206 नए संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में अब तक 3,675 संक्रमित सामने आ चुके हैं। अरुणाचल प्रदेश में 42 नए केस मिले हैं और कुल मामलों की संख्या एक हजार के करीब 991 हो गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.