विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले के पैसों से खरीदा गया था 200 किलो से अधिक सोना, कारोबारी विकास अग्रवाल ने पूछताछ में खुलासा

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:57 AM (IST)

छत्तीसगढ़ में 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में गिरफ्तार कारोबारी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू से आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की पूछताछ में कई अहम राजफाश हुए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, सुब्बू ने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से घोटाले की रकम से अनवर ढेबर के लिए 200 किलो से अधिक सोना खरीदा था।

छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले के पैसों से खरीदा गया था 200 किलो से अधिक सोना

छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले के पैसों से खरीदा गया था 200 किलो से अधिक सोना

HighLights

  1. कारोबारी विकास अग्रवाल ने ईओडब्ल्यू की पूछताछ में किए कई अहम राजफाश

  2. वाट्सएप चैट में शराब की गाड़ियों, बिक्री और बकाया रकम का हिसाब भी मिला

जेएनएन, रायपुर। छत्तीसगढ़ में 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में गिरफ्तार कारोबारी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू से आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की पूछताछ में कई अहम राजफाश हुए हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, सुब्बू ने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से घोटाले की रकम से अनवर ढेबर के लिए 200 किलो से अधिक सोना खरीदा था। वह शराब सिंडिकेट में फंड मैनेजर यानी मनीमैन की भूमिका निभाता था और अनवर ढेबर का करीबी सहयोगी माना जाता था।

जांच के मुताबिक, सुब्बू ने तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की नकदी का प्रबंधन किया और हवाला के जरिए रकम विदेश भेजी।

15 जिलों की सरकारी शराब दुकानों से पार्ट-बी की बिक्री की नकदी उसके सहयोगी रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट लाते थे। यहां रकम की गिनती के बाद अनवर के बताए लोगों तक पहुंचाई जाती थी।

वर्ष 2019 से 2023 के बीच डिस्टिलरियों में बिना आबकारी शुल्क चुकाए अतिरिक्त शराब बनवाई जाती थी। डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर इसे सरकारी दुकानों से बेचा जाता था। इसके बदले सुब्बू को प्रति पेटी 50 रुपये कमीशन मिलता था।

वाट्सएप चैट में मिला लेनदेन का ब्योराअनवर के निर्देश पर सुब्बू पार्ट-बी शराब के उत्पादन, खाली बोतलों की आपूर्ति, सप्लायर और लोगों की तैनाती का प्रबंधन करता था।

अमित सिंह के साथ दिल्ली से नकली होलोग्राम लाकर डिस्टिलरियों तक पहुंचाने में भी उसकी भूमिका सामने आई है। दोनों के वाट्सएप चैट में शराब की गाड़ियों, बिक्री और बकाया रकम का हिसाब मिला है।

दुबई में रहकर संभालता था नेटवर्क
सुब्बू अक्टूबर 2022 में परिवार के साथ दुबई फरार हो गया था। वहां वह बोस्टन नाम की कंपनी में मैनेजर था। इंटरपोल ने अगस्त 2026 में उसके खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी किया था।

इसके बाद एनसीबी, अबूधाबी ने उसे हिरासत में लेकर ईओडब्ल्यू को सौंपा। जांच में हवाला कारोबारी सुमित मालू और रवि बजाज के जरिए देश के विभिन्न शहरों में रकम पहुंचाने की जानकारी भी मिली है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।