Move to Jagran APP

Monsoon 2022: राजस्थान और गुजरात के इन क्षेत्रों से मानसून की विदाई, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

2022 Monsoon Weather करीब 4 महीने भारी बारिश के बाद अब मानसून की वापसी शुरु हो गई है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के मुताबिक आज राजस्थान के कुछ क्षेत्रों व गुजरात के कच्छ के कई भागों से मानसून विदा हो गया।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Tue, 20 Sep 2022 01:05 PM (IST)Updated: Tue, 20 Sep 2022 07:24 PM (IST)
Monsoon 2022: राजस्थान और गुजरात के इन क्षेत्रों से मानसून की विदाई, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
Monsoon 2022 Weather: मौसम विभाग ने की मानसून की विदाई की भविष्यवाणी

नई दिल्ली, एजेंसी। दक्षिण पश्चिम मानसून राजस्थान के कई भागों से आज यानी मंगलवार को विदा हो गया है। हालांकि राज्य के कुछ इलाकों में आने वाले दिनों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक जोधपुर एवं बीकानेर संभागों के कुछ भाग व गुजरात के कच्छ के कुछ क्षत्रों से मानसून विदा हो गया। हालांकि बंगाल की खाड़ी एवं ओडिशा तट पर एक और कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिसके आगामी 48 घंटों में ओडिशा एवं उत्तरी छत्तीसगढ़ की तरफ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है।

loksabha election banner

दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के समय देश के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम भारत में एंटी-साइक्लोनिक प्रवाह के कारण, अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कम बारिश की संभावना के साथ मौसम शुष्क रह सकता है।

वहीं, 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के मुताबिक आज यानि मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उससे सटे कच्छ के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई शुरु हो गई है।

जोरदार बरसात के बाद मानसून की वापसी

मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि वर्षा के चार महीनों के आखिरी चरण में जोरदार बरसात के बाद मानसून की अगले दो दिनों में वापसी शुरू हो जाएगी। विभाग ने कहा कि उत्तर-पश्चिम के विभिन्न हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल बन रही हैं। भारत के लिए मानसून की बरसात बेहद महत्वपूर्ण होती है क्योंकि देश की कृषि भूमि का काफी हिस्सा आज भी सिंचाई के लिए मानसून की वर्षा पर निर्भर है। मानसून की वापसी सामान्यत: सितंबर के मध्य में देश के पश्चिमी राज्य राजस्थान से प्रारंभ होती है।

इस साल 7 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई

मौसम विभाग के मुताबिक इस साल भारत में 7 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, लेकिन उत्तर प्रदेश, बिहार सहित आठ राज्यों में कम बारिश हुई है, जिससे इस खरीफ सीजन में कृषि उत्पादन कम हो सकता है। इसके साथ ही झारखंड, दिल्ली, पंजाब, त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर में भी कम वर्षा दर्ज की गई है। भारत में 1 जून से 19 सितंबर के बीच 872.7 मिमी बारिश हुई, जो इस अवधि के लिए 817.2 मिमी की सामान्य वर्षा से 7 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में निचले क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवाती प्रवाह के कारण अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा।

30 सितंबर को पूरी तरह विदा हो जाएगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक 20 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान और कच्छ के कुछ क्षेत्रों से मानसून की विदाई शुरु हो गई है। अगले कुछ दिनों में दक्षिण हरियाणा और पंजाब से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी। इसकी सामान्य तारीख 17-18 सितंबर थी। 27- 28 सितंबर के आसपास यह दिल्ली एनसीआर से विदा ले लेगा। इसके साथ ही मानसून 30 सितंबर तक पूरे उत्तर भारत से विदा हो जाएगा। अभी हवा की दिशा उत्तरी- पूर्वी चल रही है जिसमें गर्माहट एवं नमी भी रहती है।

यह भी पढ़ेंः यूपी, उत्तराखंड, बिहार के इन जिलों में गरज के साथ बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.