Monsoon Update: कर्नाटक के उडुपी में भारी बारिश, गोवा में रेड अलर्ट जारी
कर्नाटक में आज भी भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को गोवा कर्नाटक और दक्षिण कोंकण के तटीय जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की थी।
बैंगलुरू, एएनआइ। कर्नाटक के उडुपी के कुछ हिस्सों में आज (शनिवार) सुबह काफी बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को गोवा, कर्नाटक और दक्षिण कोंकण के तटीय जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की चेतावनी जारी की थी। गोवा सरकार ने इसे लेकर रेड अलर्ट जारी किया है क्योंकि मौसम कार्यालय ने चक्रवाती तूफान कियार को लेकर भी चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 12 से 36 घंटों में गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।
चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट जारी
गंभीर चक्रवाती तूफ़ान 'कयूर' कल रात 11:30 बजे, रत्नागिरि के पश्चिम में लगभग 200 किमी और मुंबई से 310 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। इसके बाद अब इसके ओखी के तट की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि राज्य में आपदा प्रबंधन दल को अलर्ट पर रखा गया है।
शुक्रवार को ही जारी की थी चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को ही कर्नाटक, गोवा और दक्षिण कोंकण में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की थी। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। चक्रवाती तूफान कयूर से समुद्र की उथल-पुथल की स्थिति पैदा होने की संभावना है। ANI ने बताया कि मछुआरों को अगले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और दक्षिण गुजरात तट के तटों से समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
कर्नाटक में भारी बारिश से तबाही
कर्नाटक में पिछले दो महीनों में दूसरी बार बाढ़ आई है। इस बार बाढ़ के कारण 13 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में 18 अक्टूबर से बारिश की शुरुआत हुई थी। खबरों की अनुसार इस बारिश में कई हजार घर तबाह हो गए हैं। फिलहाल, राज्य में प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है।