Move to Jagran APP

Weather Update: दिल्ली में मानसून की पहली बारिश ने दी राहत, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

बारिश से मौसम भी सुहाना रहा और दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिली। इसी के साथ मानसून राजस्थान यूपी जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड पंजाब हरियाणा और दिल्ली पहुंच गया।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Fri, 05 Jul 2019 09:06 PM (IST)Updated: Sat, 06 Jul 2019 07:07 AM (IST)
Weather Update: दिल्ली में मानसून की पहली बारिश ने दी राहत, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

 जेएनएन, नई दिल्ली। शुक्रवार को दिल्ली के कई हिस्सों मानसून की पहली बारिश हुई। कई जगह अच्छी बारिश हुई। इस बारिश से मौसम भी सुहाना रहा और दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिली। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 34.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी के साथ मानसून राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली पहुंच गया।

loksabha election banner

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस बार मानसून आने में देरी हो चुकी है। निजी मौसम वेबसाइट स्काईमेट के मुताबिक शनिवार को गरज बढ़ने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों समेत मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्से, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्से, उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों के अलावा उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों के साथ ही कुछ अन्य हिस्सों में आगे बढ़ा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी इसने रफ्तार पकड़ी है। बता दें कि सामान्य तौर पर मानसून 29 जून को दिल्ली पहुंचता है, मगर इस बार इसमें एक सप्ताह की देरी हुई है।

उत्तराखंड: उत्तराखंड में शुक्रवार से अगले तीन दिनों तक मानसून की भारी बारिश परीक्षा लेगी। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य के आठ जिलों में अत्यधिक बारिश हो सकती है। सुरक्षा की दृष्टि से मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश सुबह के समय नैनीताल में हुई सुबह नैनीताल में 28.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।

मूसलाधार बारिश के दौरान सैलानी होटल के कमरों में ही रहे। पिथौरागढ़-टनकपुर मार्ग सुबह के समय छह घंटे अवरुद्ध रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार से सोमवार तक करीब तीन दिन राज्य के विशेषकर देहरादून, हरिद्वार, टिहरी पौड़ी, नैतीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ एवं उधमसिंह नगर जिलों में भारी से भारी बारिश की संभावना है।

पश्चिम बंगाल : कोलकाता में मानसून की छिटपुट बारिश के बीच उमस भरी गर्मी का दौर जारी है। शुक्रवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।

मध्य प्रदेश : मानसून शुक्रवार को पूरे मध्य प्रदेश में छा गया। अभी तक प्रदेश में सामान्य से सात प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। यहां अधिकांश स्थानों पर बरसात हुई। शनिवार को ग्वालियर, सागर संभाग में कहीं-कहीं भारी बरसात होने की भी संभावना है। भोपाल में भी तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

जम्मू कश्मीर : अब मानसून के जम्मू-कश्मीर में पहुंचने का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। गुरुवार को हुई बारिश के बाद शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में तापमान सामान्य स्तर पर पहुंच गया। कश्मीर में भी मौसम में सुधार हुआ है। अधिकतर क्षेत्रों में तापमान सामान्य रहा। दो दिनों में मानसून राज्य में सक्ति्रय होने की उम्मीदें हैं। 

झारखंड : झारखंड के कई जिलों में भी रिमझिम बारिश हुई। रांची का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य के ज्यादातर जिलों शनिवार को भी हल्की बारिश होगी। जून माह में राज्य में औसत से 50 फीसद कम बारिश हुई है।

हिमाचल : हिमाचल के सभी क्षेत्रों में मानसून पहुंचने के साथ तापमान लुढ़क गया। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के चार जिलों मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। रविवार को भी कांगड़ा, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा व मंडी में भारी वर्षा को लेकर अलर्ट गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई स्थानों में वर्षा हुई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.