Move to Jagran APP

Monsoon Update 2022: केरल में कल दस्तक दे सकता है मानसून, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट; पढ़ें- लेटेस्ट अपडेट

monsoon latest update दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिणी श्रीलंका को कवर करते हुए केरल की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है। ऐसे में अगले दो दिनों तक केरल व लक्षद्वीप में भारी बारिश हो सकती है। जानें- यूपी-बिहार दिल्ली सहित उत्तर भारत में कब पहुंचेगा मानसून।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Sat, 28 May 2022 10:10 AM (IST)Updated: Sat, 28 May 2022 12:55 PM (IST)
Monsoon Update 2022: केरल में कल दस्तक दे सकता है मानसून, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट; पढ़ें- लेटेस्ट अपडेट
केरल में मानसून जल्द दस्तक दे सकता है (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, एजेंसी। मानसून का इंतजार लोगों को बेसब्री से है। इस बीच, मौसम विभाग ने मानसून को लेकर अच्छी खबर दी है। मौसम विभाग की मानें तो, छह दिन रुकने के बाद, दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिणी श्रीलंका को कवर करते हुए केरल की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है। ऐसे में अगले दो दिनों तक केरल व लक्षद्वीप में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा था कि इस बार मानूसन एक जून की बजाय 27 मई को ही केरल में दस्तक दे देगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

loksabha election banner

मौसम विभाग ने जारी बयान में कहा कि केरल में मानसून के आगमन के अनुकूल स्थितियां बनी हुई हैं तथा दो-तीन दिनों के भीतर मानसून वहां दस्तक दे सकता है। इसका मतलब यह हुआ कि अब 29-30 मई को मानसून आ सकता है। केरल में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि वैसे 1 जून है। इसलिए 27 मई को मानसून के दस्तक नहीं देने के बावजूद इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। विभाग ने कहा कि मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव, लक्षदीव के आसपास के इलाकों में सक्रिय है तथा इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बनी हुई हैं। बता दें कि केरल में मानसून की दस्तक के बाद यह धीरे-धीरे आगे बढ़ता है तथा 27 जून तक दिल्ली पहुंचता है।

आईएमडी ने कहा कि ताजा मौसम संबंधी संकेतों के अनुसार दक्षिण अरब सागर के ऊपर निचले स्तरों में पछुआ हवाएं तेज और गहरी हो गई हैं। सैटेलाइट इमेजरी के अनुसार, केरल तट और उससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर में बादल छाए हुए हैं। इसलिए अगले 2-3 दिनों के दौरान केरल में मानसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।

जानें- क्यो लेट हुआ मानसून

बता दें, मानसून समय से काफी पहले 16 मई को ही अंडमान और निकोबार पहुंच गया था। यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग के एक शोधकर्ता अक्षय देवरस ने ट्वीट कर कहा कि खुशखबरी! 6 दिनों तक रुकने के बाद, अरब सागर से उठने वाला मानसून आगे बढ़ा है। मानसून अब श्रीलंका पहुंच गया है और अगला पड़ाव केरल होगा। इस बीच बंगाल की खाड़ी से उठने वाले मानसून में 20 मई से कोई प्रगति नहीं दिखी है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

स्काईमेट वेदर के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वोत्तर भारत, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि पश्चिमी हिमालय और दक्षिण और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। आईएमडी के अनुसार, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्वोत्तर राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

जानिए कब कहां पहुंचेगा मानसून

10 से 15 जून: झारखंड और बिहार

5 जून: आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, असम

10 जून: पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, महाराष्ट्र

15 जून: छत्तीसगढ़

20 जून: गुजरात, मध्य प्रदेश, यूपी, उत्तराखंड

25 जून: राजस्थान, हिमाचल

30 जून: हरियाणा, पंजाब

यह भी पढ़ेंः यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में बारिश होने की संभावना, जानिए- दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.