यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जन्मदिन पर मां से मिले पीएम मोदी, शगुन के तौर पर मिले 5001 रुपये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को 64 साल के हो गए। इस अवसर पर उन्होंने हर साल की तरह अपनी मां ...और पढ़ें

गांधीनगर। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है। पीएम मोदी आज 64 साल के हो गए हैं। जन्मदिन के एक दिन पूर्व ही मोदी गुजरात पहुंच गए हैं। इस खास अवसर पर पीएम मोदी मां से आशीर्वाद लेने गांधीनगर स्थित अपने छोटे भाई के घर पहुंचे जहां पर उनकी मां भी उनके साथ ही रहती हैं। घर पहुंचकर उन्होंने अपनी मां का पैर छुआ और उनका आशीर्वाद लिया। मां ने पहले उनका माथा चूमा और फिर आशीर्वाद दिया। इस बार मां हीराबेन ने उन्हें शगुन के तौर पर 5001 रुपये दिया जिसे उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया।
मां हीराबेन ने अपने बेटे को मिठाई भी खिलाई। पीएम मोदी ने पहले घर के बाहर बैठकर अपनी मां का हालचाल जाना। उसके बाद घर के अंदर गए, जहां पर अपने पिता जी की फोटो को स्पर्श करके उनका आशीर्वाद लिया।
पीएम मोदी बिल्कुल सादगी भरे माहौल में अपनी मां से मिलने केवल दो गाड़ियां ही घर तक ले गए। प्रधानमंत्री के तौर पर पहली बार वे अपनी मां से मिलने पहुंचे थे। इसके पूर्व वे मुख्यमंत्री के तौर पर जन्मदिन पर मां से मिलने के लिए गांधीनगर जाते रहे हैं।
इन्होंने दी बधाई..
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने पीएम से मिलकर उन्हें जन्मदिन की बंधाई दी और उनके स्वस्थ रहने की मंगलकामना की। साथ ही तमिलनाडु के राज्यपाल के रोसैया ने भी पीएम को जन्मदिन की बधाई दी है। वहीं, पीएम मोदी ने विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को बधाई दी है।
