सेशेल्स के राष्ट्रपति डैनी फोरे और पीएम मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता, 6 बड़े समझौते हुए
सेशेल्स के राष्ट्रपति डैनी फौरे पहली बार द्विपक्षीय़ वार्ता के लिए भारत दौरे पर हैं। उन्होंने यहां विदेश मंत्री पीएम मोदी और राष्ट्रपति कोविंद से मुलाकात की।
नई दिल्ली (प्रेट्र)। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डैनी फौरे के बीच नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में आयोजित द्विपक्षीय वार्ता जारी है। भारत और सेशेल्स के बीच चल रहे इस वार्ता में रक्षा और सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। भारत और सेशेल्स के बीच इस दौरान छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि हमने सेशेल्स को रक्षा क्षेत्र के लिए 100 मिलियन डॉलर क्रेडिट पर दिए हैं। भारत और सेशेल्स प्रमुख रणनीतिक भागीदार हैं। हम एक लोकतंत्र के आधारभूत महत्व का सम्मान करते हैं और भारतीय समुद्री क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थायित्व को बनाए रखने के लिए परस्पर रूप से भौगोलिक रणनीतिक दृष्टि का आदान-प्रदान करते हैं।
वहीं सेशेल्स के राष्ट्रपति डैनी फौरे ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में, भारत में जलवायु परिवर्तन, बहुपक्षीय व्यापार वार्ता के समक्ष आने वाली चुनौतियों का समाधान करने के लिए विशेष रूप से रक्षा और सुरक्षा के मामले में भारत के पास दूरदर्शी समझ है।
फौरे जो द्विपक्षीय वार्ता के लिए पहली बार भारत दौरे पर आए हैं, राष्ट्रपति भवन में आज सुबह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा उनका औपचारिक स्वागत किया गया। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी अतिथि नेता के साथ मुलाकात कर प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की। इनमें क्षमता विकास, आपसी संपर्क और संसाधन विकास जैसे प्रमुख मुद्दे केंद्र में रहे।
बता दें कि इसके पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर कहा था- सम्माननीय अतिथि का हैदराबाद हाउस में स्वागत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट पर सेशेल्स के राष्ट्रपति डैनी एंटोनी रॉलेन फौरे की अगुआई की। समुद्री पड़ोसी देश के साथ विशेष संबंधों पर द्विपक्षीय वार्ता होनी है। रवीश कुमार ने अन्य ट्वीट कर लिखा- कुछ रिश्ते गहरे और ऐतिहासिक होते हैं। उन्होंने ट्वीट के द्वारा फौरे को नई दिल्ली आमंत्रित किया था।
उल्लेखनीय है कि सेशेल्स के राष्ट्रपति शुक्रवार को 6 दिवसीय भारत यात्रा पर गुजरात एयरपोर्ट पर पहुंचे। उन्होंने वहां शनिवार को साबरमती आश्रम का दौरा किया जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 1917 से 1930 के बीच रहे थे। फौरे ने इस बीच आईआईएम अहमदाबाद का भी दौरा किया जहां उन्होंने संस्थान के निदेशक एरोल डिसूजा से मुलाकात की। अहमदाबाद औऱ गोवा के बाद वे कल यानि रविवार को नई दिल्ली पहुंचे जहां राज्य विदेश मंत्री एम जे अकबर ने उनका स्वागत किया।