बंगाल में SIR सुनवाई कैंप पर भीड़ का हमला, किसी तरह से जान बचाकर भागे अधिकारी
बंगाल में उत्तर दिनाजपुर जिले के इटाहार में गहन मतदाना पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर तनाव और हिंसा की स्थिति पैदा ...और पढ़ें

बंगाल में SIR सुनवाई कैंप पर भीड़ का हमला, किसी तरह से जान बचाकर भागे अधिकारी
HighLights
एक व्यक्ति की आत्महत्या से भड़के थे लोग
किसी तरह से जान बचाकर भागे अधिकारी
महत्वपूर्ण दस्तावेज को फाड़कर किया नष्ट
जागरण संवाददाता, रायगंज। बंगाल में उत्तर दिनाजपुर जिले के इटाहार में गहन मतदाना पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर तनाव और हिंसा की स्थिति पैदा हो गई। गुरुवार को एक व्यक्ति की ओर से आत्महत्या किए जाने के बाद पूरे इलाके के लोग नाराज हो गए। काफी संख्या में लोग जमा हुए और आरोप लगाया कि एसआइआर सुनवाई के डर से उस व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने एक स्कूल में चल रहे एसआइआर सुनवाई केंद्र पर हमला कर दिया।
इस बात से उखड़ा विवाद
घटना की शुरुआत सुबह तब हुई, जब इटाहार के मुरालीपुकुर गांव के चंदू सरकार (51) का शव उनके घर के पास एक आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। स्वजन का आरोप है कि उसकी पत्नी जिन्नातुन खातून के नाम पर एसआइआर सुनवाई का नोटिस मिला, जिसके बाद से ही वह तनाव में था। पत्नी को लेकर सुनवाई कैंप जाने से पहले ही उसने आत्महत्या कर ली।
उग्र भीड़ लाठी-डंडों से लैस होकर इटाहार हाई स्कूल पहुंची
चंदू की मौत की खबर फैलते ही सुबह करीब साढ़े 11 बजे सैकड़ों की संख्या में उग्र भीड़ लाठी-डंडों से लैस होकर इटाहार हाई स्कूल पहुंची, जहां उस समय एसआइआर की सुनवाई चल रही थी। गुस्साए लोगों ने अधिकारियों पर हमला बोल दिया।
इटाहार क्षेत्र के कुछ अधिकारी किसी तरह भागकर जान बचाने में कामयाब रहे, लेकिन पतिराजपुर क्षेत्र के अधिकारियों को निशाना बनाया गया। इसमें कई अधिकारियों को चोटें आईं हैं। टेबल, कुर्सियां, बेंच तोड़ दी गईं।
महत्वपूर्ण दस्तावेज को फाड़कर बिखेर दिया गया। उस समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, जिससे छात्र और शिक्षक भी भयभीत हो गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची। रायगंज के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुंतल बंद्योपाध्याय भी मौक पर पहुंचे। कई घंटों तक सुनवाई पूरी तरह बंद रही। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच सुनवाई की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई।
तृणमूल कांग्रेस विधायक ने किया सड़क जाम
दूसरी ओर, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय इटाहार चौक पर 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तृणमूल कांग्रेस के विधायक मुशर्रफ हुसैन और उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि कोई और अप्रिय स्थिति न बने।
मालदा में हरिबासर मंदिर की मूर्तियों को तोड़ा, आक्रोश
रात के अंधेरे में हरिबासर मंदिर की पांच मूर्तियों को तोड़ दिया गया। मंदिर के पास बाग में बिखरी-टूटी मूर्तियां देखकर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। यह घटना बंगाल में मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना इलाके में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटना पहले कभी नहीं हुई। हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों ने दोषियों की पहचान कर गिरफ्तार करने की मांग की है। मालदा के पुलिस अधीक्षक अभिजीत बंद्योपाध्याय ने कहा कि घटनास्थल पर पुलिस मौजूद है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।