सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास उपलब्ध 17 करोड़ अतिरिक्त वैक्सीन: स्वास्थ्य मंत्रालय
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि देश में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी भी 17.06 करोड़ कोविड-19 वैक्सीन की अतिरिक्त डोज उपलब्ध हैं। देश में वैक्सीन की पर्याप्त डोज मौजूद है।
नई दिल्ली, एएनआइ। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि देश में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी भी 17.06 करोड़ यानि 17 करोड़ 6 लाख 13 हजार 6 सौ 61 कोविड-19 वैक्सीन की अतिरिक्त डोज उपलब्ध हैं।
भारत सरकार ने मुफ्त और डायरेक्ट स्टेट प्रोक्योरमेंट कैटेगरी के माध्यम से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 140.38 करोड़ यानि 140 करोड़ 38 लाख 75 हजार 6 सौ 50 वैक्सीन की डोज उपलब्ध करवाई है। साथ ही सभी राज्यों को अधिक से अधिक वैक्सीन की डोज पंहुचाने के लिए केंद्र सरकार प्रयासरत है। जिससे देश के सभी लोगों तक वैक्सीनेशन पहुंच सके और लोग कोरोना महामारी से बच सकें। उन्होंने कहा कि देश में वैक्सीन की पर्याप्त डोज मौजूद है।
आपको बता दें कि देश में राष्ट्रव्यापी वैक्सीनेशन अभियान के तहत केंद्र सरकार सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को फ्री में वैक्सीन उपलब्ध करवा रही है। वैक्सीनेशन अभियान के नए चरण में भारत सरकार सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 75 प्रतिशत मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध करवाएगी। देशभर में 16 जनवरी 2021 को कोरोना महामारी से बचाव के लिए वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की गई थी। सभी राज्यों तक वैक्सीन की अधिक से अधिक डोज पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार वैक्सीनेशन अभियान को बेहतर ढ़ग से व्यवस्थित कर रही है।
गौरतलब है कि देश में हर रोज ओमिक्रोन वैरिएंट के नए मामले सामने आ रहे है। इसके चलते देश में वैक्सीनेशन को और तेजी से लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, सोमवार को ब्रिटेन में ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित व्यक्ति की मौत भी हुई है। बता दें कि यह दुनिया में ओमिक्रोन से संक्रमित पहली मौत थी। इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चिंता के वैरिएंट का नाम भी दिया था। साथ ही ओमिक्रोन के खतरे को देखते हुए दुनिया के साथ-साथ देश में भी केंद्र सरकार से लोग बूस्टर डोज को बनाने की मांग कर रहे हैं। कई राज्यों की सरकारों ने भी केंद्र सरकार से बूस्टर डोज को देश में तेजी लाने की मांग की है।