21 महिलाएं समेत 121 पुलिस अधिकारियों को जांच में उत्कृष्टता के लिए MHA करेगा सम्मानित
बयान में गृह मंत्रालय ने कहा कि इन पुरस्कारों को प्राप्त करने वाले कर्मियों में से 15 सीबीआई के 10 प्रत्येक मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र पुलिस के हैं 8 उत्तर प्रदेश पुलिस के हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। गृह मंत्रालय (MHA) ने उन पुलिस अधिकारियों के नामों की घोषणा की जिन्हें 'जांच में उत्कृष्टता' के लिए सम्मानित किया जाएगा। 121 पुलिस कर्मियों में से 15 केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हैं। सूची में 21 महिला अधिकारी भी शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा, 'वर्ष 2020 में 121 पुलिस कर्मियों को 'केंद्रीय गृह मंत्री के जांच में उत्कृष्टता वाले पदक' से सम्मानित किया जाएगा। यह पदक 2018 में अपराध की जांच के उच्च पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने और जांच अधिकारियों द्वारा जांच में उत्कृष्टता दिखाने को मान्यता देने के उद्देश्य से गठित किया गया था।'
बयान में गृह मंत्रालय ने कहा कि इन पुरस्कारों को प्राप्त करने वाले कर्मियों में से 15 सीबीआई के, 10 प्रत्येक मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र पुलिस के हैं, 8 उत्तर प्रदेश पुलिस के हैं, 7 प्रत्येक केरल और पश्चिम बंगाल पुलिस के हैं, और शेष अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के हैं। इनमें इक्कीस (21) महिला पुलिस अधिकारी शामिल हैं।