स्वच्छता अभियान में गृह मंत्रालय ने कबाड़ बेचकर कमाए 10 करोड़ रुपये
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विशेष अभियान-6 के तहत कबाड़ और ई-कचरे का निपटान कर 10.17 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई है।

गृह मंत्रालय ने कबाड़ निपटान से 10.17 करोड़ रुपये जुटाए।
HighLights
गृह मंत्रालय ने कबाड़ निपटान से 10.17 करोड़ रुपये जुटाए।
ई-कचरे से 2.63 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई।
अभियान से 78,125 वर्ग फुट कार्यालय जगह खाली हुई।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लंबित मामलों के निपटान के लिए विशेष अभियान-6 के तहत कबाड़ का निपटान कर 10.17 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई है। इसमें ई-कचरे से प्राप्त 2.63 करोड़ रुपये भी शामिल है। एक बयान में कहा गया है कि यह अभियान 15 सितंबर 2026 को शुरू हुआ।
इसके बाद दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक गृह मंत्रालय और देशभर में इसके अधीन आने वाले कार्यालयों में इसे लागू किया गया। मंत्रालय ने बताया कि स्वच्छता अभियान के लिए शुरुआत में 6,757 स्थानों की पहचान की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 7,963 कर दिया गया।
इस अभियान के दौरान संसद सदस्यों के 147 संदर्भों, राज्य सरकारों के 141 संदर्भों, जनता की 11,902 शिकायतों और 1,666 अपीलों का निपटान किया गया। साथ ही 2,19,644 भौतिक फाइलों और 30,385 इलेक्ट्रानिक फाइलों की समीक्षा की गई।
रिकार्ड के बेहतर प्रबंधन और बेकार सामग्री के निपटान के जरिये कुल 78,125 वर्ग फुट कार्यालय जगह खाली कराई गई। कबाड़ के निपटान से 10.17 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई, जिसमें से 2.63 करोड़ रुपये ई-कचरे के निपटान से आए।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)