बिहार और झारखंड में आंधी-पानी की चेतावनी, कर्नाटक, कोंकण और गोवा में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कहा है कि शनिवार को बिहार और झारखंड में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी-पानी की चेतावनी जारी की है। इसके साथ दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश होगी।
नई दिल्ली, एजेंसी। मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) ने शनिवार को बिहार और झारखंड में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दोनों राज्यों में बौछारों के साथ साथ बिजली गिरने की भविष्यवाणी की है। देशव्यापी मौसम बुलेटिन में कहा गया है कि दक्षिण भारत के कर्नाटक, कोंकण और गोवा के क्षेत्रों में शनिवार को भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं देश के पूर्वोत्तरी हिस्सों असम, मेघायल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी बारिश हो सकती है।
दिल्ली और एनसीआर में आंधी और बारिश से मिली कई दिनों की राहत के बाद एक बार फिर गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो गया है, इसलिए अगले तीन दिनों तक तापमान में इजाफा होगा। अधिकतम तापमान 40 जबकि न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि 23 जून को जम्मू कश्मीर की तरफ फिर से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे 24 और 25 को दिल्ली में भी आंधी के साथ साथ बारिश हो सकती है।
बता दें कि बिहार इन दिनों भीषण गर्मी से जूझ रहा है। यदि मौसम विभाग की भविष्यवाणी सच होती है तो राज्य के लोगों से गर्मी से राहत मिल सकती है। दूसरी ओर तमिलनाडु में जबरदस्त जलसंकट है। घरों से लेकर होटल तक के नल सूख चुके हैं। लाखों लोग टैंकरों के पानी पर आश्रित हैं। तमिलनाडु के पूझल जलाशय से जल आपूर्ति सिर्फ 52.5 करोड़ लीटर की ही हो पा रही है। इस जलाशय से चेन्नई तक पानी की सप्लाई होती है। चेन्नई में जल संकट के कारण 100 से ज्यादा छात्रवासों को भी बंद करना पड़ा है। यही नहीं चेन्नई के आसपास के चार जलाशय पूरी तरह से सूख चुके हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप