फेसबुक पर दोस्ती कर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार, कोचिंग सेंटर से किया था अपहरण
फेसबुक पर नाबालिग से दोस्ती कर उसका अपहरण और दुष्कर्म करने वाले आरोपित को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से शनिवार को गिरफ्तार किया है।
इंदौर (नईदुनिया)। फेसबुक पर नाबालिग से दोस्ती कर उसका अपहरण और दुष्कर्म करने वाले आरोपित को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने पीड़िता से मंदिर में शादी की फिर उसे अपने घर ले गया था। मोबाइल की टावर लोकेशन के जरिए पुलिस आरोपित तक पहुंच पाई। नाबालिग को बरामद कर पुलिस ने उसे परिवार को सौंप दिया है।
इंदौर की गांधीनगर पुलिस ने पालाखेड़ी निवासी 17 वर्षीय नाबालिग के पिता की शिकायत पर सत्यम (21) पिता उमाकांत शर्मा निवासी बाराबंकी (उप्र) को गिरफ्तार किया है। टीआइ आरएस सक्तावत ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले आरोपित पीड़िता का अपहरण कर ले गया था। आरोपित ने बताया कि दोनों में डेढ़ साल पहले फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी और दोनों फोन पर बात करने लगे।
नाबालिग निजी कोचिंग सेंटर में बेसिक कंप्यूटर का कोर्स कर रही थी। आरोपित उसे क्लास जाने के बहाने से बुलाकर ट्रेन से उत्तर प्रदेश भगा कर ले गया। वहां दोनों ने मंदिर में शादी की और फिर आरोपित के घर में रहने लगे। पुलिस के मुताबिक आरोपित निजी कंपनी में काम करता है। उसके पिता एलआइसी में एजेंट हैं। पुलिस ने दबिश देकर आरोपित को घर से गिरफ्तार किया है। सोमवार सुबह आरोपित को कोर्ट में पेश किया जाएगा।