विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

26/11 मुंबई हमले की 18वीं बरसी: आज भी ताजा हैं वो खौफनाक यादें और गहरे जख्म, देश दे रहा शहीदों को श्रद्धांजलि

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:00 AM (IST)

हमले की 18वीं बरसी पर मुंबई एक बार फिर उन बलिदानियों और निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि देने की तैयारी कर रही है, जिन्होंने आतंकवाद की इस काली रात में अपनी जान गंवाई थी।

26/11 मुंबई हमलों की यादें और जख्म 18 साल बाद भी ताजा (फोटो- रॉयटर)

26/11 मुंबई हमलों की यादें और जख्म 18 साल बाद भी ताजा (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. 60 घंटे तक चले इन आतंकी हमलों ने मुंबई को दहला दिया था

  2. 166 लोगों की जान गई थी, जबकि 300 से अधिक घायल हुए थे

पीटीआई, नई दिल्ली। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में साल 2008 में 26 नवंबर को हुए आतंकी हमलों के 18 साल बाद यानी आज भी उस भयावह मंजर की यादें और जख्म लोगों के जेहन में ताजा हैं।

60 घंटे तक चले इन आतंकी हमलों ने न केवल मुंबई को दहला दिया था, बल्कि भारत की सुरक्षा और खुफिया व्यवस्था की गंभीर खामियों को भी उजागर किया था।

हमले की 18वीं बरसी पर मुंबई एक बार फिर उन बलिदानियों और निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि देने की तैयारी कर रही है, जिन्होंने आतंकवाद की इस काली रात में अपनी जान गंवाई थी।

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के 10 भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने शहर के कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था।

इन हमलों में विदेशी नागरिकों सहित 166 लोगों की जान गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज महल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल सहित कई स्थानों पर अंधाधुंध गोलीबारी और विस्फोट किए थे।

यह भारत के किसी शहर में हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक था। वैसे पिछले तीन दशकों में मुंबई ने कई बड़े आतंकी हमलों का सामना किया है। 12 मार्च 1993 को 12 जगहों पर बम धमाके हुए, जिनमें 257 लोग मारे गए।

11 जुलाई 2006 को रेलगाड़ियों में सिलसिलेवार धमाके हुए, जिनमें 188 लोगों की जान गई। 13 जुलाई 2011 को दादर, झावेरी बाजार और ओपेरा हाउस में हुए तीन धमाकों में 27 लोग मारे गए।

26/11 को आतंकियों ने कई जगहों पर लोगों को बंधक बना लिया था और सुरक्षा बलों के साथ लंबी मुठभेड़ हुई थी। मुंबई पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नौसेना के मरीन कमांडो और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब 60 घंटे बाद इस हमले को खत्म किया। इस दौरान कई सुरक्षाकर्मियों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

हमले में शामिल 10 आतंकियों में अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था। मुकदमे के बाद नवंबर 2012 में उसे फांसी दे दी गई। हमले की साजिश में शामिल डेविड हेडली ने अमेरिकी अदालत से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय अदालत में बयान दिया।

वहीं, एक अन्य आरोपित तहव्वुर राणा को 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया। हालांकि, इन हमलों के कई प्रमुख साजिशकर्ता तथा आका अब भी भारत की पहुंच से बाहर हैं और माना जाता है कि उनमें से कई पाकिस्तान में मौजूद हैं।

हर साल मुंबई पुलिस मुख्यालय सहित हमले में निशाना बनाए गए स्थानों पर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी जाती है। मुंबईवासी ‘प्रेरणा स्थल’ पर भी इकट्ठा होते हैं, जहां सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की प्रतिमा है।

उन्होंने दक्षिण मुंबई के गिरगांव चौपाटी पर लाठी से आतंकवादियों का मुकाबला किया था और कसाब को पकड़ने के दौरान शहीद हो गए थे।

18 साल बाद भी 26/11 की त्रासदी देश को याद दिलाती है कि आतंकवाद के खिलाफ सतर्कता, एकजुटता और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है। 26/11 हमले के बाद भारत ने समुद्री सुरक्षा, खुफिया तंत्र और आतंकवाद विरोधी अभियानों में कई बड़े बदलाव किए हैं।

हाफिज सईद और पांच अन्य आरोपितों को भगोड़ा घोषित करने संबंधी आदेशों को तामील कराना बाकी

लश्कर-ए-तैयबा के हमलावर 10 आतंकियों को हिंदी सिखाने वाले जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जुंदाल के खिलाफ मुकदमा जहां जारी है, वहीं संबंधित आतंकी संगठन के सरगना हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी समेत छह अन्य साजिशकर्ताओं को भगोड़ा घोषित करने के आदेशों को तामील कराना अभी बाकी है।

विशेष अदालत ने इसी साल जुलाई में छह फरार आरोपितों को भगोड़ा घोषित करने के आदेश जारी किए थे।

इसी साल अगस्त और सितंबर में अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया था कि उसने गृह मंत्रालय से 2008 के मुंबई आतंकी हमले के मामले में छह फरार आरोपितों को भगोड़ा घोषित करने के आदेश तामील कराने का अनुरोध किया है। हालांकि, गृह मंत्रालय ने अभी तक इस अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।