3 सितंबर को होगा मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार, छह मंत्रियों ने दिया इस्तीफा
मोदी कैबिनेट का विस्तार 3 सितंबर को होगा जिसमें पांच नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार रविवार को होगा। मोदी मंत्रिमंडल के सदस्यों द्वारा 4 सितंबर को शपथ ली जाएगी। सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह दस बजे मंत्रिमंडल में फेरबदल की जाएगी। इस बीच अब तक छह मंत्रियों- जल संसाधन मंत्री उमा भारती, कलराज मिश्र, महेंद्रनाथ पांडेय, कौशल विकास मंत्री राजीव प्रताप रूडी, संजीव बालियान और फग्गन सिंह कुलस्ते ने इस्तीफा दे दिया है।
रेल मंत्री भी कर चुके इस्तीफे की पेशकश
रेल मंत्री सुरेश प्रभु पहले ही इस्तीफे की पेशकश कर चुके हैं। इससे पहले गुजरात चुनाव से जुड़े मंत्रियों के अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को एक-दो और मंत्रियों को तलब किया था। बैठक के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने मीडिया से बातचीत में कहा था, 'मुझे लगता है कि रक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी मेरे पास ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी।' उनके इस बयान से कैबिनेट विस्तार की अटकलों को और बल मिला था।
पांच नए चेहरे होंगे शामिल
सूत्रों के अनुसार, पांच नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। प्रहलाद पटेल, प्रहलाद जोशी, ओम माथुर और सत्यपाल सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है वहीं विनय सहस्त्रबुद्धे को भी जगह दी जा सकती है।बता दें कि चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच यह मांग की गयी कि देश में एक पूर्णकालिक रक्षामंत्री अनिवार्य है। साथ ही बैठक में जो मंत्रालय के पद खाली हैं या उस पर भी नियुक्तियां संभव है।
कुछ मंत्रियों के भार होंगे हल्के
इसके अलावा कई-कई मंत्रालयों का काम देखने वाले कुछ अन्य मंत्रियों के भी भार हल्के होने की खबर है। जिसमें स्मृति ईरानी, हषर्षवर्द्धन और नरेंद्र तोमर प्रमुख हैं। स्मृति ईरानी और तोमर दरअसल वेंकैया नायडू के उपराष्ट्रपति बन जाने के बाद उनके छोड़े मंत्रालयों को भी संभाल रहे हैं। इस सिलसिले में प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की देर रात तक बैठक जारी थी।
इस कारण से रविवार का दिन
इसके लिए रविवार का दिन तय करने के पीछे भी एक कारण है। दरअसल राष्ट्रपति शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के दौरे पर हैं। तिरुपति दर्शन के बाद वह शनिवार को लौटेंगे। प्रधानमंत्री रविवार को चीन यात्रा पर जाएंगे। मथुरा में संघ की बैठक शुक्रवार से शुरू हो रही है और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एक दिन वहां मौजूद रहेंगे। ऐसे में रविवार सुबह ही कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।
बता दें कि पीएम मोदी 3 सितंबर को चीन ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने जाएंगे। इसलिए कैबिनेट के विस्तार का फ़ैसला अब उसी दिन किया जाएगा। इसके अलावा कई और मंत्रियों के इस्तीफा देने और इस्तीफे की पेशकश की खबर है। वहीं, कैबिनेट में नए चेहरों को लेकर भी चर्चा हो रही है।
यह भी पढ़ें: मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार रविवार को, छह मंत्रियों से लिया गया इस्तीफा