मेकेदातु बांध विवाद पर तमिलनाडु में सियासी घमासान: द्रमुक ने सीएम विजय को घेरा, कहा-सिनेमा की तरह सोलो परफॉर्मेंस नहीं
कावेरी नदी पर मेकेदातु बांध के प्रस्तावित निर्माण को लेकर तमिलनाडु में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है।

द्रमुक ने सीएम विजय को घेरा
HighLights
मेकेदातु बांध पर तमिलनाडु में राजनीतिक विवाद गहराया।
द्रमुक ने सीएम विजय पर 'सोलो परफॉर्मेंस' का आरोप लगाया।
कर्नाटक के सीएम शिवकुमार बांध निर्माण पर अड़े हुए हैं।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध को लेकर राजनीति तेज हो गई है। इस मुद्दे को लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय विपक्षी दल द्रमुक के निशाने पर आ गए हैं। द्रमुक ने मुख्यमंत्री पर मामले को फिल्मी स्टाइल में संभालने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि वह सिनेमा में सोलो परफार्मेंस दे सकते हैं, लेकिन राज्य की लाइफलाइन से जुड़े मुद्दे पर उन्हें सभी को साथ लेकर चलना चाहिए।
मेकेदातु बांध मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग दोहराते हुए द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन ने पार्टी के मुखपत्र मुरासोली में आरोप लगाया कि सभी मुद्दों पर सुस्त रहने वाली टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार मेकेदातु पर भी उदासीनता दिखा रही है।
अपने संपादकीय में द्रमुक के अखबार ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ऐसे बोल रहे हैं, मानो मेकेदातु बांध बनाना ही उनके जीवन का एकमात्र लक्ष्य हो।
शिवकुमार की 13 नवंबर की कथित टिप्पणी का जिक्र किया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बांध का निर्माण कोई नहीं रोक पाएगा। द्रमुक ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निधाना साधते हुए पूछा कि वहां राजनीति करने के लिए कई मुद्दे हैं तो इस मुद्दे पर राजनीति क्यों करनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने इस बांध परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा जल्द अनुमति की प्रक्रिया पूरी करने की मांग रखी थी। उनके इस कदम पर तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष मणिकम टैगोर भी कड़ी आपत्ति जता चुके हैं।
इधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मेकेदातु बांध परियोजना का विरोध करने वाली तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टियों से पूछा कि क्या उन्होंने कावेरी जल बंटवारे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर ध्यान दिया है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।