विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेहरू की कुर्सी पर बैठीं मीरा कुमार और CEC ज्ञानेश कुमार को ‘अयोग्य’ घोषित किया; कांग्रेस ने बताया सीट का महत्व

Published: Sun, 01 Nov 2026 01:01 PM (IST)

इंडी गठबंधन की मॉक संसद में पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार पंडित जवाहरलाल नेहरू की ऐतिहासिक कुर्सी पर बैठीं, जिसने कार्यक्रम को चर्चा में ला दिया।

मॉक संसद में मीरा कुमार पंडित नेहरू की कुर्सी पर बैठीं।

मॉक संसद में मीरा कुमार पंडित नेहरू की कुर्सी पर बैठीं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडी गठबंधन द्वारा आयोजित मॉक संसद का यह पूरा कार्यक्रम एक खास वजह से चर्चा में आ गया है।

कांग्रेस ने खुलासा किया है कि इस कार्यवाही के दौरान पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार जिस कुर्सी पर बैठी थीं, वह कोई आम कुर्सी नहीं, बल्कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की ऐतिहासिक कुर्सी थी।

क्या है इस ऐतिहासिक कुर्सी की कहानी?

कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुए इस आयोजन में जिस कुर्सी का इस्तेमाल मीरा कुमार ने किया, उस पर पंडित नेहरू अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान बैठा करते थे।

पवन खेड़ा ने लिखा कि  यह नेहरू जी की वही कुर्सी थी जिस पर वह अपने पूरे कार्यकाल के दौरान बैठे। इस कुर्सी ने हमारे देश के इतिहास के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण फैसलों को देखा है। इसी ऐतिहासिक कुर्सी पर बैठकर मीरा कुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद के लिए अयोग्य करार दिया और कहा कि जनता ने उन्हें खारिज कर दिया है।

क्या है पूरा मामला और आरोप?

इंडी गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने मतदाता सूची से मतदाताओं के नाम जानबूझकर कटवाने में मदद की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा लाए गए इस प्रस्ताव का समाजवादी पार्टी के नेता हरेंद्र मलिक और राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने समर्थन किया, जिसे हाथ उठाकर सर्वसम्मति से पास किया गया।

इसके साथ ही इस कार्यवाही को एक राजनीतिक हथियार बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश की हर संस्था विपक्षी दलों के लिए बंद कर दी गई है। उन्होंने मांग की कि ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए और उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।