विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल हेलीकॉप्टर हादसे में एक भारतीय की मौत, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि; जल्द वापस लाया जाएगा पार्थिव शरीर

Published: Tue, 03 Nov 2026 04:40 PM (IST)Updated: Tue, 03 Nov 2026 04:50 PM (IST)

विदेश मंत्रालय ने नेपाल में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है। भारतीय दूतावास ...और पढ़ें

नेपाल हेलीकॉप्टर हादसे में एक भारतीय की मौत। (एएनआई)

नेपाल हेलीकॉप्टर हादसे में एक भारतीय की मौत। (एएनआई)

HighLights

  1. नेपाल में हेलीकॉप्टर टक्कर में एक भारतीय की मौत।

  2. विदेश मंत्रालय ने घटना की पुष्टि की, संवेदना व्यक्त की।

  3. भारतीय दूतावास पार्थिव शरीर वापस लाने का प्रयास कर रहा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेपाल में हेलीकॉप्टर की टक्कर पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने इस घटना की रिपोर्ट और कुछ तस्वीरें देखी हैं। दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए हैं। इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। हमारे दूतावास ने इसकी पुष्टि की है और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। हम जल्द से जल्द पार्थिव शरीर को वापस लाने की कोशिश करेंगे।

रणधीर जायसवाल ने उज्बेकिस्तान मामले पर कहा कि आपने हमारी जारी की गई कुछ एडवाइजरी देखी होंगी। ताशकंद में हमारे दूतावास और नेशनल मेडिकल कमीशन ने छात्रों के लिए कुछ दिशा-निर्देश या एडवाइजरी जारी की है। ये उन छात्रों के लिए है जो उज्बेकिस्तान या अन्य जगहों पर पढ़ाई करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि सरकार इस बात पर ध्यान दे रही है कि उज्बेकिस्तान जाने वाले भारतीय छात्रों को, जो वहां मेडिकल या अन्य पढ़ाई करने जा रहे हैं, अच्छी गुणवत्ता वाली मेडिकल शिक्षा मिले। यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि मेडिकल या अन्य पढ़ाई के लिए उज्बेकिस्तान जाने वाले भारतीय छात्रों का कोई शोषण न हो।

G20 बैठकों में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्षों पर चर्चा- MEA

जायसवाल ने बताया कि G20 बैठक के दौरान विदेश मंत्री ने कई द्विपक्षीय बैठकें कीं। इनमें से एक बैठक रूस के विदेश मंत्री के साथ थी। इस बैठक में उन्होंने यूरोप, मध्य पूर्व और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्षों पर चर्चा की। जहां तक उन भारतीय नागरिकों की रिहाई का सवाल है जो अभी भी रूसी पक्ष के पास हैं, तो जैसा कि मैंने आपको पहले बताया था, यह एक ऐसा मुद्दा है जिसे हम रूसी पक्ष के साथ अलग-अलग स्तरों पर लगातार उठा रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर आवाजाही की स्वतंत्रता को बहाल किया जाए- MEA

ओमान के तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बारे में रणधीर जायसवाल ने कहा कि उस जहाज पर हमारे 14 भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे। दुख की बात है कि उनमें से एक की मौत हो गई है। हम अब यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि वहां मौजूद बाकी 13 भारतीय नागरिकों को वापस भारत लाया जा सके। हम इस बात पर भी काम कर रहे हैं कि मृतक भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को कैसे वापस भारत लाया जाए।

मैं ओमान के अधिकारियों को उनकी त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। हम एक बार फिर सभी पक्षों से अपील करते हैं कि वे बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाएं, ताकि इस क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति बहाल हो सके। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर आवाजाही की स्वतंत्रता को बहाल किया जाना चाहिए और इसकी गारंटी भी दी जानी चाहिए।

पश्चिम एशिया संघर्ष में 23 भारतीय नागरिकों की मौत- MEA

पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में भारतीयों के हताहत होने के बारे में, जायसवाल ने बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष में हमने 23 भारतीय नागरिकों को खो दिया है, जिनमें से 15 भारतीय नाविक थे। इससे पहले यह सवाल भी पूछा गया था कि काला सागर क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों में कितने भारतीय नागरिक हताहत हुए हैं। वहां हमने 5 भारतीय नागरिकों को खो दिया है, और 2 लोग अभी भी लापता हैं।

(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।