उपचाराधीन मामलों से 44 गुना ठीक हुए कोरोना मरीज, केरल में सबसे ज्यादा नए केस, महाराष्ट्र में सबसे अधिक मौतें
भारत में कोविड से रिकवरी रेट दुनिया में सबसे अधिक है। बीते 24 घंटे में 19587 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई। इससे ठीक होने वालों की संख्या 10016859 हो गई है। देश में ठीक हुए मरीजों की संख्या उपचाराधीन मामलों से 44 गुना ज्यादा है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। भारत में एक दिन में कोरोना के 20,346 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1,03,95,278 हो गए। वहीं चौबीस घंटे की अवधि में 19,587 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई। इससे ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,00,16,859 हो गई है। फिलहाल उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2,28,083 है। दोनों आंकड़ों में अंतर 97,88,776 है। उपचाराधीन मामले कुल संक्रमणों का केवल 2.19 फीसद हैं। इस तरह ठीक हुए मरीजों की संख्या, उपचाराधीन मामलों की संख्या का 44 गुना अधिक है।
संक्रमण मुक्त हुए 1,00,16,859 लोग
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 222 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,50,336 हो गई। आंकड़ों के अनुसार कुल 1,00,16,859 लोगों के संक्रमण मुक्त होने से देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 96.36 फीसद हो गई। वहीं मृत्यु दर 1.45 फीसद है।
दुनिया में सबसे ज्यादा रिकवरी रेट
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ठीक होने की दर 90 प्रतिशत से अधिक है। भारत की ठीक होने की दर दुनिया में सबसे अधिक है। जिन देशों में संक्रमण के मामले अधिक हैं, वहां भारत की तुलना में ठीक होने की दर कम है।
हार रहा है कोरोना
1- देश में संक्रमण के 20,346 नए मामले, 222 और लोगों की मौत
2- ठीक होने की दर 96.36 फीसद और मृत्यु दर 1.45 फीसद हुई
3- दुनिया में सबसे ज्यादा भारत में लोग संक्रमण से मुक्त हुए
4- उपचाराधीन मामलों से 44 गुना ज्यादा ठीक हुए कोरोना मरीज
केरल में सबसे अधिक नए मामले
मंत्रालय ने कहा कि ठीक हुए नए मामलों में से 79.08 प्रतिशत मामले 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। केरल में एक दिन में ठीक होने वालों की संख्या 5,110 है। इसके बाद महाराष्ट्र ठीक हुए 2,570 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। संक्रमण के नए मामलों में से लगभग 83.88 फीसदी मामले 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के हैं। केरल में 24 घंटे में 6,394 और महाराष्ट्र में 4,382 नए मामले सामने आए।
सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र में
चौबीस घंटे की अवधि में कुल 222 मरीजों की मौत हुई है। इनमें से 67.57 प्रतिशत छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक 66 मौतें हुई जबकि केरल में 25 व बंगाल में 22 मौतें हुई हैं।
17.8 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच
भारतीय आयुíवज्ञान अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के अनुसार, देश में छह जनवरी तक कुल 17,84,00,995 नमूनों की कोरोना संबंधी जांच की गई, जिनमें से 9,37,590 नमूनों की जांच बुधवार को की गई।
19 दिसंबर को एक करोड़ के पार हुई थी संक्रमितों की संख्या
भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख के पार चली गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ के पार हुए थे।