यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारत गैरजिम्मेदाराना तरीके से नहीं करेगा परमाणु हथियार का प्रयोगः रक्षा मंत्री
मनोहर पर्रिकर ने कहा कि 'कुछ लोग कहते हैं कि भारत की परमाणु नीति में बदलाव आ गया है, लेकिन ...और पढ़ें

नई दिल्ली, (एएनआई)। भारत-पाक के रिश्तों में बढ़ रही तल्खियों के बीच रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि वह निजी तौर पर मानते हैं कि भारत को परमाणु हथियारों के पहले इस्ते़माल नहीं करने संबंधी नीति से अपने को नहीं 'बांधना' चाहिए।
रक्षा मंत्री ने एक बुक रिलीज कार्यक्रम के दौरान कहा कि 'अगर पहले से तैयार रणनीति का पालन किया जाए या आप परमाणु मुद्दे पर किसी रुख पर कायम रहते हैं तो मुझे लगता है कि आप परमाणु हथियारों के मामले में अपनी शक्ति को खो रहे हैं। लोग कहते हैं कि भारत, पहले परमाणु हथियार का इस्तेमाल नहीं करने के विचार को मानता है। मुझे इस विचार से खुद को क्यों बांधे रखना चाहिए। इसके बदले मुझे यह कहना चाहिए कि हमारा देश एक जिम्मेदार परमाणु ताकत है और मैं गैरजिम्मेदाराना तरीके से इसका इस्तेमाल नहीं करूंगा। ऐसा मेरा मानना है।'
उन्होंने आगे कहा कि 'कुछ लोग कहते हैं कि भारत की परमाणु नीति में बदलाव आ गया है, लेकिन किसी भी सरकार के दौरान इस नीति में बदलाव नहीं आया है। जिस दिन सर्जिकल स्ट्राइक हुआ उसके बाद से इस तरह की कोई धमकी नहीं आई है।'
