विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Manipur Violence: दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले मे जांच तेज, छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

By Jagran NewsEdited By: Paras Pandey
Published: Tue, 17 Oct 2023 05:43 AM (IST)

हिंसाग्रस्त मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गत मई में दो आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में सीबीआइ ...और पढ़ें

सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को स्वयं कार्रवाई करने की दी थी चेतावनी
सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को स्वयं कार्रवाई करने की दी थी चेतावनी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। हिंसाग्रस्त मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गत मई में दो आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में सीबीआइ ने सोमवार को छह आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की और एक नाबालिग के खिलाफ रिपोर्ट दायर हुई है। जुलाई में घटना का वीडियो सामने आने के बाद देश-दुनिया के लोगों में आक्रोश फैल गया था। नाराजगी की गूंज सुप्रीम कोर्ट तक सुनाई दी थी।

मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस प्रकार की घटनाओं को अस्वीकार्य बता केंद्र-मणिपुर सरकार को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए थे। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर स्वत: कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी थी। 

इसके बाद मामले को सीबीआइ को सौंप दिया गया था। केंद्रीय एजेंसी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत सोमवार को गुवाहाटी की विशेष सीबीआइ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। इसमें आरोप लगाया कि गत चार मई को अत्याधुनिक हथियारों से लैस हजार लोगों की भीड़ मणिपुर के कांगपोकपी जिले के बी फीनोम गांव में घुस आई।

भीड़ ने घरों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी और ग्रामीणों के साथ मारपीट कर संपत्ति लूट ली। इस दौरान दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया गया। विरोध करने पर एक महिला के भाई और पिता की हत्या कर दी गई।

सीबीआइ की जांच में साफ हुआ कि मणिपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपित घटना में शामिल थे। मामले के अन्य पहलुओं समेत अन्य आरोपितों की पहचान के लिए जांच जारी है। चार्जशीट में आरोपितों पर सामूहिक दुष्कर्म, हत्या, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और आपराधिक षडयंत्र समेत विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।