विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, कुकी-नगा संघर्ष में महिला समेत 5 की मौत; 10 मकानों में लगाई आग

Published: Sat, 10 Oct 2026 08:36 PM (IST)

मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है, जिसमें कामजोंग और उखरुल जिलों में एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई और 10 घर जला दिए गए।

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा (सांकेतिक तस्वीर)

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा (सांकेतिक तस्वीर)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इंफाल। मणिपुर में हिंसा फिर भड़क गई है। राज्य के कामजोंग और उखरुल जिलों में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि नगा बहुल कामजोंग जिले के कुकी बहुल चसाद गांव में शुक्रवार रात महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

महिला पांच बच्चों की मां थी और उसे गर्दन के पास गोली लगी थी। गोली लगने के कुछ ही मिनटों के भीतर उसकी मौत हो गई। महिला की हत्या के बाद कुकी और नगा सशस्त्र समूहों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जो शनिवार सुबह तक जारी रही।

इस दौरान हुई झड़पों में युवक की मौत हो गई और 10 घरों में आगजनी भी की गई। हिंसा रोकने के लिए जिला प्रशासन ने चसाद पुलिस गेट चौराहे के 400 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है।

हिंसा की अन्य घटना कामजोंग जिले में म्यांमार सीमा के पास तंगखुल नगा समुदाय की बस्ती निंगचौ गांव में हुई। संदिग्ध उग्रवादी इस गांव में घुसे और गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नगाचांसो निंगशेन और लेइशिशान लेइशादांग के रूप में हुई है।

घटना की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने गांव पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। ग्रामीणों का दावा है कि गोलीबारी के बाद हमलावर म्यांमार की ओर भाग गए। इस बीच उखरुल जिले में हिंसा की अन्य घटना में चेपू याओलेन के पास उग्रवादियों ने वाहन पर गोलीबारी की। वाहन चला रहे संदीप राय को गोली लगी और वाहन के भीतर ही उनकी मौत हो गई।

कांगपोकपी जिले के माकुई अशांग और टापोन में हथियारबंद गुटों के बीच गोलीबारी की भी खबर है। गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में कुकी और नगा समुदायों के बीच हिंसा शुरू होने के बाद से 40 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और दर्जनों मकानों को आग लगा दी गई है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)