मणिपुर में जहरीली शराब पीने से अबतक 16 की मौत, 600 अस्पताल में भर्ती
मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 600 से अधिक अस्पताल में भर्ती हैं।

मणिपुर में जहरीली शराब का कहर।
HighLights
चंदेल जिले में जहरीली शराब से 16 लोगों की मौत।
600 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती, छह गिरफ्तार।
सरकार ने घटना की जांच के लिए समिति गठित की।
डिजिटल डेस्क, इंफाल। मणिपुर के के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से पिछले कुछ दिनों में 16 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से तीन लोगों की मौत शनिवार को हुई। पुलिस महानिरीक्षक थेमथिंग नगहसांग्वा ने बताया कि 18 नवंबर से चंदेल जिले के चकपिकारोंग उपमंडल और आसपास के इलाकों में लोग शराब पीने के बाद बीमार पड़ रहे हैं।
अब तक करीब 600 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इन लोगों ने कथित तौर पर मिलावटी शराब पी थी। मामले में कथित तौर पर जहरीली शराब की आपूर्ति करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
नगहसांग्वा ने कहा, जिला प्रशासन, पुलिस, आबकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने चंदेल के सुगनू और चकपीकरोंग में अस्पतालों में जाकर मरीजों का हालचाल जाना और राहत कार्यों का जायजा भी लिया है। मणिपुर सरकार ने घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति भी गठित की है। समिति शराब के स्रोत, उसमें मौजूद रसायनों, मौतों के कारणों और प्रशासनिक लापरवाही संबंधी पहलुओं की जांच करेगी। उसे एक महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपनी होगी।
मणिपुर पुलिस और आबकारी विभाग की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्हें निरीक्षण अभियान चलाने, अवैध शराब जब्त करने और बिक्री केंद्रों तथा उत्पादन इकाइयों से नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने अस्पतालों में जाकर उपचार करा रहे मरीजों से मुलाकात की थी।
यह हादसा नहीं, सरकार की लापरवाही का नतीजा- राहुल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस त्रासदी को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि राज्य सरकार की लापरवाही का नतीजा है। राहुल ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही प्रभावित परिवारों को बिना देरी उचित मुआवजा और हर संभव सहायता दी जानी चाहिए।
राहुल ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। राहुल ने मणिपुर की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले हिंसा ने सैकड़ों घरों को तबाह किया और अब जहरीली शराब लोगों के परिवारों को उजाड़ रही है, लेकिन सरकार अब भी सोई हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।