मणिपुर पुलिस की बड़ी सफलता, नशे की बड़ी खेप के साथ म्यांमार के तीन नागरिक गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले में म्यांमार के तीन नागरिकों को बड़ी मात्रा में याबा की गोलियों और अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।

म्यांमार के तीन नागरिक गिरफ्तार। (फोटो-जागरण आर्काइव)
HighLights
म्यांमार के तीन नागरिक मणिपुर में गिरफ्तार।
याबा की गोलियां और अफीम भारी मात्रा में जब्त।
चुराचांदपुर जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर कार्रवाई।
डिजिटल डेस्क, इम्फाल। मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले में याबा की गोलियों और अफीम समेत मादक पदार्थों की बड़ी खेप के साथ म्यांमार के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि पाउखानपियांग मिलुन (38), लियानसियानमिनथांग मिलुन (27) व पाउखांतुआंग मिलुन (27) को मंगलवार को भारत-म्यांमार सीमा के पास बेहियांग गांव से गिरफ्तार किया गया।
वे सभी म्यांमार के तेडिम टाउनशिप के रहने वाले हैं। मणिपुर की म्यांमार के साथ 398 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है, जिसमें से 55 किलोमीटर पर बाड़ लगाई गई है। पुलिस ने बताया कि उनके पास से करीब 7.4 किलोग्राम अवैध सिंथेटिक उत्तेजक मादक पदार्थ याबा और 3 किलोग्राम अफीम के अलावा तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।
थाई भाषा में याबा का अर्थ ‘पागलपन की दवा’ है। भारत में इस पर प्रतिबंध है, क्योंकि इन गोलियों में मेथामफेटामिन और कैफीन होता है। मेथामफेटामिन नियंत्रित पदार्थ अधिनियम की अनुसूची-दो में शामिल है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार)