कर्नाटक: मंगलुरु में चर्च के पादरी पर नाबालिग लड़कों से यौन उत्पीड़न का आरोप, रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार
मंगलुरु में पुलिस ने पॉक्सो मामले में एक कैथोलिक चर्च के पादरी को रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया है। पादरी पर नाबालिग लड़कों के यौन उत्पीड़न का आरोप है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में पुलिस ने पॉक्सो मामले में एक कैथोलिक चर्च के पादरी को रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी सीएच ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने और पूछताछ के बाद आरोपी पादरी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
पीड़ित नाबालिग लड़का नियमित रूप से प्रार्थना करने के लिए चर्च जाता था। आरोप है कि पादरी ने बच्चे को चर्च के सेक्रेस्टी के पास बने एक कमरे में फुसलाकर बुलाया और उसके साथ बार-बार अनुचित तरीके से छेड़छाड़ व यौन उत्पीड़न किया।
शिकायतकर्ता ने यह भी खुलासा किया कि जब उसने इस घटना का जिक्र अपने दोस्तों से किया, तो पता चला कि उसी पादरी ने उनके साथ भी ऐसी ही शर्मनाक हरकतें की थीं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पादरी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की धारा 8 और 10, तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 (2) के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
चर्च प्रशासन से निराशा मिलने पर बाल संरक्षण निदेशालय पहुंचे परिजन
पीड़ित बच्चों के माता-पिता ने पहले इस मामले को लेकर मंगलौर धर्मप्रांत के बिशप से गुहार लगाई थी। हालांकि, वहां से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया या मदद न मिलने पर वे न्याय के लिए कर्नाटक बाल संरक्षण निदेशालय पहुंचे।
परिजनों और पीड़ित बच्चों की औपचारिक शिकायत मिलने के बाद निदेशालय ने मामले को गंभीरता से लिया। 31 अगस्त को जारी एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से निदेशालय ने दक्षिण कन्नड़ जिला बाल संरक्षण इकाई को इन गंभीर आरोपों की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पादरी को धर दबोचा।
