टीचरों को हर साल लेनी होगी 50 घंटों की ट्रेनिंग, वरना रुकेगा प्रमोशन और इंक्रीमेंट; शिक्षा मंत्रालय का सख्त आदेश
शिक्षकों को अब हर साल 50 घंटे का अनिवार्य प्रशिक्षण लेना होगा, ऐसा न करने पर वेतनवृद्धि और पदोन्नति रुक जाएगी। शिक्षा मंत्रालय ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत यह पहल की है।

शिक्षकों के लिए 50 घंटे की अनिवार्य ट्रेनिंग (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
शिक्षकों को हर साल 50 घंटे का प्रशिक्षण अनिवार्य।
प्रशिक्षण न लेने पर वेतनवृद्धि, पदोन्नति पर रोक।
सरकारी, निजी स्कूलों के शिक्षकों पर लागू होगा।
अरविंद पांडेय, नई दिल्ली। स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए छिड़े अभियान के तहत स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को अब अपनी दक्षता को बढ़ाने के लिए हर साल अनिवार्य रूप से 50 घंटे का प्रशिक्षण लेना होगा। ऐसा न करने पर उन्हें वेतनवृद्धि, पदोन्नति व राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का लाभ नहीं मिलेगा।
शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय व नवोदय विद्यालयों में इस पर अमल शुरू करने के साथ ही राज्यों को भी सख्ती से इस पर अमल कराने को कहा है। जिसके बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, त्रिपुरा व बिहार जैसे राज्यों में शिक्षक प्रशिक्षण का अभियान तेज हुआ है। इसके दायरे सरकारी व निजी स्कूल दोनों के शिक्षक रहेंगे।
शिक्षा मंत्रालय ने यह पहल नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति ( एनईपी ) के तहत स्कूलों के लिए आ चुकी या फिर आने वाली नई पाठ्यपुस्तकों व पढ़ाने-सिखाने के सुझाए गए नए-नए तरीकों को ध्यान में रखकर शुरू की है। वैसे भी स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता के लिए पहले से ही शिक्षकों को नियमित प्रशिक्षण देने के सुझाव दिए गए थे।
देश भर में स्कूली शिक्षकों को यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) व राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद ( एससीईआरटी) के जरिए दिया जा रहा है। इसके लिए दीक्षा नाम का एक पोर्टल भी विकसित किया गया है। जिसके जरिए इसकी निगरानी भी की जा रही है। साथ ही किस राज्य के कितने शिक्षकों ने प्रशिक्षण लिया है, इसकी जानकारी हर हफ्ते राज्यों के साथ साझा की जाएगी। माना जा रहा है कि अप्रैल से स्कूलों में शुरू हो रहे नए शैक्षणिक सत्र से इस पर और तेजी दिख सकती है।
निजी स्कूलों को भी सख्ती से इस व्यवस्था को अपनाना होगा और अपने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिलाना होगा। यदि ऐसा नहीं करेंगे तो उनकी मान्यता पर संकट खड़ा हो सकता है।
गौरतलब है कि शिक्षा मंत्रालय ने हाल ही में देश भर के स्कूली सचिवों के साथ बैठक में भी इसके अमल के सख्त निर्देश दिए है। साथ ही सभी राज्यों से प्रशिक्षण के लिए एक वार्षिक योजना तैयार करने का सुझाव दिया था।
तीन चरण में मिलेगा यह प्रशिक्षण
पहला चरणः ये 24 घंटे का होगा, जो ज्ञान और शिक्षण अभ्यास पर आधारित होगा। इनमें बच्चों को खेल- खेल व कहानी की शैली में पढ़ाने, बुनियादी साक्षरता व संख्या ज्ञान आदि के बारे में बताया और सिखाया जाएगा। इसके साथ ही एआइ और डिजिटल टूल्स के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।
दूसरा चरणः ये 14 घंटे का होगा, जो प्रोफेशनल्स डेवलपमेंट पर आधारित होगा। इसमें तनाव प्रबंधन व कक्षा को कैसे खुशनुमा रखा जाए, रूचि को पहचान करने करियर काउंसलिंग करने, बच्चों को मिलजुलकर रहने व बैठाने आदि की सीख दी जाएगी।
तीसरा चरणः ये 12 घंटे का होगा। इसमें बच्चों को नैतिक मूल्यों से कैसे जोड़ा जाए, इसकी सीख दी जाएगी। इनमें मानसिक स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के साथ दिव्यांग व हर वर्ग के बच्चों को साथ लेकर चलना, लैंगिंग संवेदनशीलता आदि की जानकारी दी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।