40 सालों तक परिवार से दूर रहे गंभीर की हुई वापसी, भला हो इस यूट्यूबर का
गंभीर को लोकसभा के सांसद डॉ. मेन्या और स्थानीय विधायक डॉ. सपम रंजन सिंह ने एयरपोर्ट पर आगे बढ़कर उनका स्वागत किया।
इंफाल (एएनआई)। मणिपुर के 66 वर्षीय खोमद्रम गंभीर सिंह 40 सालों बाद अपने परिवार के सदस्यों से मिलकर काफी खुश हैं। दरअसल अब से 40 साल पहले वे अपने परिवार से बिछड़ गए थे लेकिन अब जाकर वे अपने परिवार के सदस्यों के पास वापस आ चुके हैं। उन्हें यूट्यूब के जरिए पहचाना गया। आइए जानते हैं इस मिसिंग मैन की कहानी..
सांसद और विधायक ने किया एयरपोर्ट पर स्वागत
इंफाल के खुबोंग गांव के लोगों ने बिछड़े गंभीर का मणिपुर एयरपोर्ट पर बैनर्स के साथ स्वागत किया। उन लोगों ने अपने हाथों में थैंक्यू सोशल मीडिया का बैनर पकड़ रखा था। वे अपने बिछड़े सदस्य की वापसी के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब का धन्यवाद कर रहे थे। उन्होंने फिरोज नाम के शख्स का भी धन्यवाद किया जिन्होंने वह वीडियो क्लिप बनाई थी। गंभीर को लोकसभा के सांसद डॉ. मेन्या और स्थानीय विधायक डॉ. सपम रंजन सिंह ने एयरपोर्ट पर आगे बढ़कर उनका स्वागत किया।
इस तरह चला पता
बताया जाता है कि 1978 में 26 वर्षीय गंभीर कुछ अज्ञात कारणों से घर से निकले थे औऱ इसके बाद में वे लापता हो गए। उनके परिवार को उनके बार में 40 सालों तक कुछ पता नहीं था। इधर कुछ दिनों पहले मुंबई में एक हिंदी गाना गाते हुए उनका वीडियो यूट्यूब पर वायरल हो रहा था। अब हाल ही में उनके भतीजे रोमेन ने अपने परिवारवालों को एक वीडियो दिखाया जिसमें एक सफेद बालों वाला शख्स हिंदी गाने गा रहा था, जिसके बाद इस वीडियो ने उन सबका ध्यान खींचा।
यूट्यूबर ने अपलोड किया था वीडियो
यह वीडियो यूट्यूब पर एक वीडियो शेयरिंग वेबसाइट के द्वारा पिछले साल अक्टूबर में मुंबई के फोटोग्राफर फिरोज शकीर के द्वारा अपलोड किया गया था। फिरोज ने गंभीर को मुंबई की सड़कों पर गाते हुए देखा था जिसके बाद उसने उसका वीडियो बना कर अपने यूट्यूब पर अपलोड कर दिया था। वीडियो क्लिप में सिंगर ने खुद का नाम और पता भी बताया था जिसके बाद उनके भतीजे का ध्यान इस तरफ गया। इसके बाद उस वीडियो के जरिए रोमेन से संपर्क किया गया और गंभीर के बारे में पता लगाया गया।
मुंबई पुलिस ने की मदद
जब परिवार वाले वित्तीय कारणों से अपने बिछड़े सदस्य को मुंबई सा वापस लाने में असमर्थ हुए तो उन्होंने मुंबई पुलिस को संपर्क किया। बताया जाता है कि इसके पहले सामाजिक कार्यकर्ता एंजेलिका अरिबम ने भी लापता शख्स के लिए मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।