विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास के कारण एक और हत्या, महुए से शराब न बनने पर जादू-टोने के शक में अधेड़ को मार डाला

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:00 AM (IST)

अंधविश्वास के कारण छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 21 नवंबर की रात दो ग्रामीणों ने लोहे के बंडे और लकड़ी के पीढ़े से पीट-पीटकर 42 वर्षीय आयतु राम कर्मा की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास के कारण एक और हत्या (फोटो- AI Generated)

छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास के कारण एक और हत्या (फोटो- AI Generated)

HighLights

  1. महुए से नहीं बनी शराब तो जादू-टोने के संदेह में अधेड़ को मार डाला

  2. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले का मामला, तीन साल में 54 लोगों की गई जान

जेएनएन, दंतेवाड़ा। न कोई सबूत, न सुनवाई और न ही सच जानने की कोशिश। बच्चों के लगातार बीमार पड़ने और एक व्यक्ति के घर के पास महुए के पेड़ के महुआ फूल से शराब नहीं बन पाने को सीधे जादू-टोने से जोड़ दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इसी अंधविश्वास के कारण छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 21 नवंबर की रात दो ग्रामीणों ने लोहे के बंडे और लकड़ी के पीढ़े से पीट-पीटकर 42 वर्षीय आयतु राम कर्मा की हत्या कर दी।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बचेली थाना प्रभारी निर्मल वर्मा ने बताया, लच्छू कर्मा और मुद्दा कर्मा को आयतु राम पर जादू-टोना करने का संदेह था।

हत्या के बाद फरार हुए आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे का धारदार बंडा और घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया है।

बता दें कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में जादू-टोने के संदेह में वर्ष 2022 में 25, 2023 में 19 और 2024 में 10 हत्याएं दर्ज हुईं। तीन साल में 54 लोगों की जान गई है।

राज्य में जादू-टोने के संदेह में हाल की वारदातें

  • मार्च 2026, दंतेवाड़ा : 55 वर्षीय मेहरू यादव की हत्या।
  • सितंबर 2025, बिलासपुर : बेटे ने की मां की हत्या।
  • मई 2025, बस्तर संभाग : कांकेर, महासमुंद और दंतेवाड़ा में छह दिन में तीन हत्याएं।
  • सितंबर 2024, सुकमा : दो दंपतियों और एक महिला समेत पांच लोगों की हत्या।
  • सितंबर 2024, बलौदाबाजार : एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या, मृतकों में 11 माह का बच्चा भी शामिल।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।