विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UAE से भारत लाया गया भगोड़ा मोहम्मद माजिन, शादी का झांसा देकर की 14 महिलाओं से ठगी और यौन शोषण

Published: Fri, 20 Nov 2026 01:10 PM (IST)

महाराष्ट्र पुलिस द्वारा वांछित मोहम्मद माजिन को महिलाओं के यौन शोषण के आरोप में यूएई से भारत डिपोर्ट किया गया है। 

महिलाओं का शोषण करने के बाद यूएई भाग गया था मोहम्मद माजिन। (फोटो- जागरण ग्राफिक्स।)

महिलाओं का शोषण करने के बाद यूएई भाग गया था मोहम्मद माजिन। (फोटो- जागरण ग्राफिक्स।)

HighLights

  1. मोहम्मद माजिन को यूएई से भारत डिपोर्ट किया गया।

  2. महिलाओं के यौन शोषण मामले में महाराष्ट्र पुलिस को वांछित था।

  3. सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी करवाया था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महिलाओं के कथित यौन शोषण के मामलों में महाराष्ट्र पुलिस द्वारा वांछित एक व्यक्ति को शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से वापस भारत लाया गया (डिपोर्ट किया गया)। इस पूरी कार्रवाई में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने समन्वय किया।

इस भगोड़े मोहम्मद माजिन के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था। सीबीआई की प्रवक्ता बीना यादव ने एक बयान में बताया कि वह एक ऐसे मामले में वांछित था, जिसमें उसने कथित तौर पर पीड़िता को शादी का झूठा झांसा देकर अपने जाल में फंसाया, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसका शारीरिक, मानसिक व आर्थिक शोषण किया। इसमें उससे धोखे से 18 लाख रुपये ऐंठना भी शामिल है।

सीबीआई ने जारी किया था रेड नोटिस

यादव ने कहा, "सक्षम अदालत में चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है। जांच में यह भी पता चला कि उसने इसी तरह शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं का शोषण किया, उनसे पैसे लिए और उनके साथ अंतरंग पलों के वीडियो भी बनाए। इसके बाद आरोपी विदेश भाग गया।" महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के जरिए माजिन के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया।

शुक्रवार को यूएई से भारत लेकर आई टीम

प्रवक्ता ने बताया, "यूएई के अधिकारियों ने व्यक्ति की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई के अधिकारियों ने उसे भारत वापस भेजने (डिपॉर्ट करने) की अनुमति दे दी। महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम यूएई गई, जहां उस व्यक्ति को उन्हें सौंप दिया गया। भारत की यह टीम उस व्यक्ति के साथ शुक्रवार को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची।"

एजेंसी ने इंटरपोल के माध्यम से, 2026 में अब तक 74 भगोड़ों को सफलतापूर्वक वापस लाने में कामयाबी हासिल की है।

यह भी पढ़ें: केरलम के चर्चित शुकूर हत्याकांड में CBI की विशेष अदालत का फैसला, माकपा के सात कार्यकर्ताओं को उम्रकैद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।