दिल तो पागल है से तुझे देखा तो ये जाना सनम तक... मलेशियाई पीएम की बॉलीवुड गानों के साथ BRICS समिट पोस्ट वायरल
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट खूब वायरल हो रहे हैं। उन्होंने मुलाकात को दर्शाने के लिए बॉलीवुड गानों का इस्तेमाल किया।

इस तस्वीर के लिए मलेशियाई पीएम ने हर दिल जो प्यार करेगा गाना चुना।
HighLights
मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम के ब्रिक्स पोस्ट हुए वायरल।
उन्होंने बॉलीवुड गानों का इस्तेमाल कर कूटनीतिक संदेश दिया।
पीएम मोदी, पुतिन, ईरानी राष्ट्रपति से मुलाकात में गाने चुने।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 18वां ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन खत्म हो गया है, लेकिन इसकी चर्चा जियोपॉलिटिक्स से आगे भी हो रही है। इस सम्मेलन में भारतीय संगीत एक आकर्षण बनकर उभरा। दुनिया के नेता अपनी इस यात्रा की झलकियां साझा कर रहे हैं तो मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने बॉलीवुड के गानों के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कीं।
इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत मंडपम में स्वागत करते हुए एक वीडियो पोस्ट करते हुए इब्राहिम ने शाहरुख खान और काजोल-स्टारर फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे का गाना तुझे देखा तो ये जाना सनम चुना।
हर पोस्ट पर बॉलीवुड गानों का चयन
पीएम मोदी के साथ एक और तस्वीर के लिए उन्होंने शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर की फिल्म दिल तो पागल है का गाना दिल तो पागल है, दिल दीवाना है इस्तेमाल किया।
ब्रिक्स समिट में अपने संबोधन के वीडियो के लिए मलेशियाई नेता ने साल 2000 की फिल्म हर दिल जो प्यार करेगा (जिसमें सलमान खान, रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा ने काम किया था) का गाना हर दिल जो प्यार करेगा चुना। भारत से रवाना होने के वीडियो में उन्होंने फिल्म लक्ष्य का गाना कंधों से मिलते हैं कंधे इस्तेमाल किया। दोनों ही गाने साथ मिलकर काम करने का संदेश देते हैं। ऐसे में इंटरनेट यूजर्स को ब्रिक्स से जुड़े वीडियो के लिए ये एकदम सही चुनाव लगा।
भारत दौरे के दौरान इब्राहिम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की। विपक्षी नेताओं के साथ दावत की तस्वीरें शेयर करते हुए इब्राहिम ने फिल्म वीर-जारा का गाना ऐसा देश है मेरा चुना।
ईरानी राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए चुना नया दौर का गाना
लेकिन संगीत के मामले में उनकी सबसे दिलचस्प पसंद में से एक वह गाना था जिसे उन्होंने ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ अपनी मुलाकात वाली पोस्ट के लिए चुना था। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ मुलाकात के बारे में अपनी पोस्ट के लिए उन्होंने ने 1957 की फिल्म नया दौर का गाना साथी हाथ बढ़ाना चुना।
एक और पोस्ट ने सबका ध्यान खींचा। वह थी इब्राहिम की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वाली तस्वीर। इसके लिए उन्होंने 2001 में आई आमिर खान की फिल्म लगान का गाना चले चलो चुना, जो साथ मिलकर आगे बढ़ने का संदेश देता है।
इंडोनेशिया के विदेश मंत्री ने भी लिया भारतीय फिल्म संगीत का सहारा
सिर्फ मलेशियाई नेता ही ऐसे नहीं थे जिन्होंने कूटनीतिक संदेश देने के लिए संगीत का सहारा लिया। इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो ने भी राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो की यात्रा के दौरान दिल धड़कने दो फिल्म के बॉलीवुड संगीत का इस्तेमाल किया।
