अरब सागर में नौसेना का बड़ा ऑपरेशन, समुद्री लुटेरों से बचाए गए 20 क्रू मेंबर्स
भारतीय नौसेना ने अरब सागर में 48 घंटे के बड़े ऑपरेशन में समुद्री लुटेरों से मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' और उसके 20 चालक दल को बचाया।

भारतीय नौसेना का बड़ा ऑपरेशन।
HighLights
नौसेना ने समुद्री लुटेरों से 'अजिनी' जहाज बचाया।
20 चालक दल सदस्यों को सुरक्षित मुक्त कराया गया।
राजनाथ सिंह ने नौसेना के साहस की प्रशंसा की।
जेएनएन, नई दिल्ली। भारतीय नौसेना ने अरब सागर में एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' और उसके सभी 20 चालक दल सदस्यों (क्रू मेंबर्स) को सुरक्षित बचा लिया है। यह ऑपरेशन मुंबई से 3000 किलोमीटर से अधिक दूर समुद्र में चलाया गया।
करीब 48 घंटे तक चला यह अभियान सोमवार को पूरा हुआ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नौसेना के साहस की प्रशंसा की और बधाई दी।
राजनाथ ने एक्स पर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना की समय पर मिली मदद से तत्काल सटीक लोकेशन पता करके भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के चंगुल से चालक दल व जहाज को सुरक्षित मुक्त करा लेना, भारतीय नौसेना की उच्च परिचालन तत्परता और पूरे क्षेत्र में समुद्री खतरों का निर्णायक रूप से सामना करने की क्षमता को दर्शाता है।
रक्षा मंत्री ने कहा, हमारे बहादुर जवानों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत के पास लोगों की जान बचाने, समुद्री सुरक्षा बनाए रखने और पूरे हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने की क्षमता, इरादा और दृढ़ संकल्प है। भारत 'सुरक्षित समुद्र' सुनिश्चित करने और एक मुक्त, खुले व सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।