महाराष्ट्र में भाजपा नेता सहित समेत पांच लोगों की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
बदमाशों ने खरात और अन्य पर गोलियां चलाईं और चाकू से हमला किया। मामले में पुलिस ने तीनों हमलावरों को गिरफ्तार किया है।
भुसावल, एएनआई। महाराष्ट्र के भुसावल में भाजपा नेता रवींद्र खरात, उनके परिवार के तीन सदस्यों और बेटे के दोस्त की तीन अज्ञात हमलावरों ने उनके घर के बाहर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने खरात और अन्य पर गोलियां चलाईं और चाकू से हमला किया। मामले में पुलिस ने तीनों हमलावरों को गिरफ्तार किया है। जांच चल रही है।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात 55 वर्षीय रवींद्र खरात और उनके परिजन अपने घर में थे। तभी हथियारों से लैस हमलावर रवींद्र के घर में दाखिल हुए और गोलियां चलानी शुरू कर दी। हमले के बाद आरोपी वहां से भाग गए लेकिन बाद में उन्होंने सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर लिए गए हैं। घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया लेकिन, इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। हमले में खरात के अलावा उनके भाई सुनील खरात, बेटे प्रेमसागर खरात और रोहित खरात सहित एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। वारदात के पीछे की असल वजह अभी पता नहीं चल सकी है।
इस घटना में मृतक रविंद्र की पत्नी भी घायल हुईं हैं। उनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के समय हाथापाई भी हुई थी, उसमें ये दो आरोपियों को चोट लगी है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। भुसावल शहर के समता नगर में पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधीक्षक पंजाबराव उगले ने कहा कि इस घटना के बाद भुसावल शहर में माहौल तनावपूर्ण है।
आपसी रंजिश
पुलिस ने बताया कि इस हमले में हमलावरों ने पिस्टल, चाकू और पत्थर जैसी चीजों का इस्तेमाल किया था। हमलावरों को भी चोंटे आई हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर और मृत परिवार के बीच किसी बात को लेकर आपसी रंजिश थी। पुलिस ने बताया कि मामला पारिवारिक रंजिश से जुड़ा लग रहा है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः पत्नी की हत्या में पति को उम्रकैद, 40 हजार का जुर्माना