तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर 15 दिसंबर तक दीप जला सकेंगे श्रद्धालु, सुबह 10 से शाम 4.30 बजे तक मिलेगी अनुमति
मदुरै में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उच्ची पिल्लैयार मंदिर के पास श्रद्धालुओं को 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति मिली है।

मदुरै तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने की मिली अनुमति (फोटो-PTI)
HighLights
मदुरै तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने की अनुमति मिली।
श्रद्धालु 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक दीप जला सकेंगे।
सुबह 10 बजे से शाम 4.30 बजे तक का समय निर्धारित।
डिजिटल डेस्क, मदुरै। मदुरै में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उच्ची पिल्लैयार मंदिर के पास 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक श्रद्धालुओं और आम लोगों को कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति दी गई है।
भगवान मुरुगन (अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी) मंदिर के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त किए गए प्रशासनिक रिसीवरों ने रविवार को यह जानकारी दी।
इससे पहले एक रोज पूर्व यानी शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत शाम पांच बजे तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के शिखर पर स्थित ‘दीपथून’ पर कार्तिगई दीपम जलाया गया था। यह आयोजन रिसीवरों मेघालय हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और मद्रास हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश वी. पार्थिबन की प्रत्यक्ष निगरानी में हुआ था।
सनातन धर्म के लिए यह ऐतिहासिक पल था और इसका खूब जश्न भी मनाया गया था।
रिसीवरों की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्रद्धालुओं की पूजा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में सुबह 10 बजे से शाम 4.30 बजे तक दीप जलाए जा सकेंगे।
उन्होंने लोगों से प्रशासनिक रिसीवरों और केंद्रीय सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करने तथा शांतिपूर्वक दीप जलाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)